जानिए चंदौली जिले में किन किन जगहों पर होने जा रही है धान की खरीद, ये है पूरी लिस्ट
धान खरीद की तैयारियां अंतिम दौर में
1 नवंबर से 29 धान क्रय केंद्रों पर धान की खरीद शुरू
चंदौली जिले में धान खरीद की तैयारियां अंतिम दौर में है और सब कुछ ठीक रहा तो 1 नवंबर से चंदौली जिले के 29 धान क्रय केंद्रों पर धान की खरीद शुरू हो जाएगी। जिले के अधिकारी के लिए पूरी जी जान से मेहनत कर रहे हैं और धान क्रय केंद्रों पर उपलब्ध होने वाले संसाधनों की देखरेख में जुट गए हैं।
जानकारी के अनुसार जिले में लगभग 100 कुंटल तक धान की खरीद बिना सत्यापन के की जानी है, जिसके ऊपर उप जिलाधिकारी और अपर जिला अधिकारी के स्तर के अधिकारियों को सत्यापन करने का निर्देश दिया गया है। सबको ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराने के बाद ही ऑनलाइन टोकन दिया जाएगा और उसी के हिसाब से धान की खरीद होगी।
विभागीय सूत्रों से मिली जानकारी के साथ चंदौली जिले में कुल 128 क्रय केंद्र बनाए जाने हैं, जिनमें से अभी 29 धान क्रय केंद्र खरीद के लिए तैयार की जा रहे हैं। पहले चरण में इन्हीं 29 केंद्रों पर धान की खरीद की जाएगी। इसके लिए जिलाधिकारी के स्तर से अनुमोदन भी मिल गया है।
इस मामले में जिला विपणन अधिकारी अनूप श्रीवास्तव ने कहा कि चंदौली जिले में पहले चरण में कुल 29 क्रय केंद्रों का अनुमोदन हुआ है और इन पर 1 नवंबर से धान खरीद की तैयारी शुरू हो जाएगी। अबकी बार जिले में 128 केंद्र बनाए गए हैं जिनकी जिओ ट्रैकिंग की जा सकती है। इसकी लोकेशन भी गूगल पर अपलोड होगी। इसके जरिए किसान आसानी से क्रय केंद्र तक पहुंच सकते हैं।
आपको बता दें कि चंदौली जिले में धान क्रय केंद्र की मंजूरी मिली है उनके नाम इस प्रकार हैं...
चंदौली जिले के सदर ब्लाक में नवीन मंडी परिसर, कांटा व बबुरी में बनाए गए धान क्रय केंद्रों पर धान की खरीद की जाएगी। वहीं नियमताबाद ब्लॉक में गोधना, पांडेयपुर और डिग्घी में धान की खरीद होनी है। बरहनी विकासखंड में सैयदराजा, सिकठा और छतेम गांव में बने क्रय केन्द्र पर धान की खरीद करने के लिए तैयारी की जा रही है।
इसके साथ साथ सकलडीहा में सकलडीहा, महेशुआ और भोजापुर में धान की खरीद होनी है, वहीं चहनियां ब्लॉक में चहनियां, टांडा, मारूफपुर, सेवड़ी और कैलावर में धान खरीद के स्थान तय किए गए हैं। जबकि धानापुर में धानापुर, अवहीं, एवती और बभनियांव में केंद्रों का स्थान चयनित किया गया है।
चकिया ब्लाक के इलाके में चकिया, उतरौत व सिकंदरपुर में खरीद होगी, जबकि शहाबगंज ब्लाक के शहाबगंज, सैदुपुर में क्रय केंद्र बनाए गए हैं। वही नौगढ़ में एकमात्र केंद्र नौगढ़ इलाके में बनाया जा रहा है। यह सारे केंद्र केवल मार्केटिंग विभाग, पीसीएफ, कृषि मंडी और एफसीआई के द्वारा संचालित किए जाएंगे। अभी तक इन्हीं एजेसिंयों को धान खरीद की जिम्मेदारी दी गयी है।