चंदौली में भव्य रामकथा का समापन: डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और मंत्री संजय निषाद ने राजन जी महाराज से लिया आशीर्वाद

 

चंदौली के धानापुर में आयोजित राजन जी महाराज की रामकथा के अंतिम दिन उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और मंत्री संजय निषाद समेत कई दिग्गजों ने पहुंचकर आशीर्वाद लिया।
 

धानापुर में रामकथा का समापन दिन

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक हुए शामिल

मंत्री संजय निषाद ने लिया आशीर्वाद

विधायक सुशील सिंह ने किया आयोजन

हजारों श्रद्धालुओं ने किया कथा श्रवण

चंदौली जिले के धानापुर स्थित ओदरा, दशमी तालाब के पास स्थित ऐतिहासिक विशेश्वर महादेव मंदिर के प्रांगण में चल रही पांच दिवसीय अंतरराष्ट्रीय श्रीराम कथा का शनिवार को सफलतापूर्वक अंतिम दिन संपन्न हुआ। कथा के अंतिम दिन उत्तर प्रदेश सरकार के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, मत्स्य विभाग के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद, जिले के प्रभारी मंत्री संजीव गोंड़ और राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा समेत कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियों ने शिरकत की। इन सभी अतिथियों ने परम पूज्य श्री राजन गुरु जी महाराज का सानिध्य प्राप्त कर उनका आशीर्वाद लिया।

हजारों श्रद्धालुओं ने उठाया रामकथा के रसपान का सौभाग्य
आयोजन के पांचवें और आखिरी दिन भी कथा स्थल पर भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। पिछले कई दिनों से प्रतिदिन हजारों की संख्या में दूर-दराज से आ रहे श्रद्धालु रामकथा में सम्मिलित होकर प्रभु श्रीराम का स्मरण कर रहे थे और कथा श्रवण कर अपने जीवन को धन्य बना रहे थे। अंतिम दिन पहुंचे विशिष्ट अतिथियों और आमजन ने महाराज श्री के मुखारविंद से कथा का रसपान किया और क्षेत्र में सुख-शांति की कामना की।

आयोजकों और अतिथियों के प्रति जताया गया आभार
इस पावन अवसर पर उपस्थित लोगों ने परम पूज्य श्री राजन गुरु जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करने के साथ ही इस भव्य आयोजन के लिए सैयदराजा विधायक सुशील सिंह और स्थानीय ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया। सभी ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा मिलता है। प्रभु श्रीराम की कृपा और गुरु जी के आशीर्वाद से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और सद्बुद्धि का संचार होने की प्रार्थना की गई।