DIG साहब ने कानून-व्यवस्था की समीक्षा करके कई पुलिसकर्मियों को किया सम्मानित
 

समीक्षा बैठक के दौरान डीआईजी ने हाल ही में हुई आपराधिक घटनाओं पर विस्तार से चर्चा की और प्रभावी तरीके से अपराध पर अंकुश लगाने के लिए कई दिशा-निर्देश दिए।
 

अच्छे कार्य के लिए कई पुलिसकर्मियों का सम्मान

सराहनीय कार्य के लिए वैभव कृष्ण ने किया पुलिसकर्मियों का सम्मान

'मिशन शक्ति' और बीट पुलिसिंग को मजबूत करने पर बल

चंदौली जिले में पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) वैभव कृष्ण ने शनिवार को चंदौली पुलिस लाइन के नवीन सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक का मुख्य उद्देश्य जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था की मौजूदा स्थिति का जायजा लेना था। इस बैठक में पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे, अपर पुलिस अधीक्षक अनन्त चन्द्रशेखर (आई.पी.एस.), समस्त क्षेत्राधिकारी, और सभी थाना प्रभारी मौजूद रहे।

अपराध और जनसुनवाई पर जोर
समीक्षा बैठक के दौरान डीआईजी ने हाल ही में हुई आपराधिक घटनाओं पर विस्तार से चर्चा की और प्रभावी तरीके से अपराध पर अंकुश लगाने के लिए कई दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने थाना प्रभारियों को महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर क्राइम, संगठित अपराध, अवैध शराब/खनन, और मादक पदार्थों की तस्करी जैसे गंभीर विषयों पर विशेष सतर्कता बरतने का आदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस की प्राथमिकता यह होनी चाहिए कि वह अपनी समस्या लेकर आने वाले हर फरियादी की बात सुने और उसका निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करे।

'मिशन शक्ति' और बीट पुलिसिंग को मजबूत करने पर बल
बैठक में ‘मिशन शक्ति-5.0’ अभियान को सफल बनाने पर भी विशेष ध्यान दिया गया। डीआईजी ने सभी थानों की एंटी-रोमियो टीम को महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा का माहौल बनाने के लिए सक्रियता से काम करने को कहा। इसके साथ ही, विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों जैसे 1090 (वीमेन पावर लाइन), 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा), 1076 (सीएम हेल्पलाइन), और 181 (महिला हेल्पलाइन) के बारे में चौपाल लगाकर लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए।

डीआईजी ने बीट पुलिसिंग को मजबूत करने, सक्रिय अपराधियों की गिरफ्तारी, लंबित मामलों का जल्द निपटारा, और जनता के साथ सकारात्मक संवाद स्थापित करने पर जोर दिया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को संवेदनशील और त्वरित कार्रवाई करने के साथ-साथ सोशल मीडिया की निगरानी को भी प्रभावी बनाने के लिए कहा।

सराहनीय कार्य के लिए पुलिसकर्मियों का सम्मान
बैठक के बाद, पुलिस उपमहानिरीक्षक और पुलिस अधीक्षक ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में सर्विलांस टीम के उप निरीक्षक आशीष मिश्रा सहित 9 सदस्य और एसओजी टीम के 6 सदस्य शामिल थे। डीआईजी ने इन पुलिसकर्मियों के काम की सराहना की और अन्य पुलिसकर्मियों को भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

सर्विलांस टीम के पुलिसकर्मियों का सम्मान                             

  1. उप निरीक्षक आशीष मिश्रा                                           
  2. हेड कांस्टेबल प्रेम प्रकाश यादव                                     
  3. हेड कांस्टेबल मंटू कुमार सिंह                                        
  4. कांस्टेबल नीरज कुमार मिश्रा                                        
  5. कांस्टेबल अजीत कुमार सिंह                                         
  6. कांस्टेबल गणेश तिवारी                                                
  7. कांस्टेबल मनोज कुमार यादव 
  8. कांस्टेबल संदीप कुमार 
  9. कांस्टेबल मनीष कुमार

SOG टीम के पुलिसकर्मियों का सम्मान

  1. हेड कांस्टेबल अरविंद कुमार भारद्वाज 
  2. हेड कांस्टेबल आनंद सिंह
  3. हेड कांस्टेबल राणा प्रताप सिंह
  4. हेड कॉन्स्टेबल विजेंदर सिंह
  5. हेड कांस्टेबल रामानंद यादव
  6. हेड कांस्टेबल अंशु सिंह

अंत में, डीआईजी ने सभी अधिकारियों को अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई करने और जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने का संकल्प दोहराने के लिए प्रेरित किया।