सरकारी ITI का हाल देखने पहुंचे डीएम साहब. गंदगी देख सभी को लताड़ा
जिलाधिकारी ने किया राजकीय आईटीआई का औचक निरीक्षण
साफ-सफाई पर जताई नाराजगी
रोजगार मेले में आई कंपनी जेबीएम से भी की बात
चंदौली जिले के जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने सोमवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), रेवसां का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संस्थान में चल रही गतिविधियों का जायजा लिया और छात्रों से सीधे संवाद किया।
निरीक्षण के दौरान, जिलाधिकारी ने कक्षाओं में जाकर छात्रों से उनके पढ़ाई-लिखाई के बारे में पूछताछ की। उन्होंने संस्थान के 13 नियमित ट्रेडों के साथ-साथ टाटा टेक्नोलॉजीज लिमिटेड के सहयोग से शुरू किए गए तीन नए व्यवसायों और नवनिर्मित भवन का भी निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने विभिन्न ट्रेडों की प्रयोगशालाओं में लगी मशीनों को देखा और छात्रों के प्रशिक्षण के बारे में जानकारी ली। उन्होंने छात्रों से उनके ट्रेड से जुड़े सवाल पूछे और यह भी जाना कि वे भविष्य में किस क्षेत्र में काम करना चाहते हैं। उन्होंने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
निरीक्षण के दौरान, संस्थान में लगे रोजगार मेले में आई कंपनी जेबीएम, गुजरात के एचआर से भी अभ्यर्थियों के प्लेसमेंट के बारे में सवाल पूछे गए।
हालांकि, निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संस्थान में साफ-सफाई की स्थिति को असंतोषजनक पाया। उन्होंने इस पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए प्रधानाचार्य को सख्त निर्देश दिए कि प्रतिदिन बेहतर ढंग से साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही, उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति की भी जांच की।