नरायनपुर पंप कैनाल देखने पहुंचे डीएम साहब, पानी बढ़ने के बाद ही चल पाएगी कैनाल
जिलाधिकारी ने किया नारायनपुर पंप कैनाल का निरीक्षण
चंदौली के जिलाधिकारी हैं चंद्र मोहन गर्ग
अधिकारियों से ली सभी पंपों के बारे में जानकारी
गंगा का जल स्तर भी काफी नीचे
चंदौली जिले में सिंचाई की समस्या दूर करने के होंगे उपाय
चंदौली जिले में खेतों की सिंचाई को लेकर संकट गहराता जा रहा है। गंगा नदी का जलस्तर सामान्य स्तर से नीचे जाने के कारण नरायनपुर पंप कैनाल ठप पड़ी है। इसी को लेकर मंगलवार को जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने मौके पर पहुंचकर नरायनपुर पंप कैनाल का निरीक्षण किया और विभागीय अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने बताया कि गंगा का जलस्तर फिलहाल 59.85 मीटर पर है, जबकि पंप कैनाल संचालन के लिए कम से कम 60 मीटर का जलस्तर जरूरी होता है। जलस्तर में मामूली बढ़ोत्तरी हो रही है, लेकिन तब तक किसानों को वैकल्पिक इंतजाम के भरोसे ही रहना होगा।
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने सिंचाई विभाग को निर्देश दिया कि किसानों को राहत पहुंचाने के लिए अन्य स्रोतों से जलापूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि मानसून की देरी और गंगा के घटते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन सतर्क है और लगातार हालात पर नजर रखे हुए है।
इस समय जिले के सैकड़ों किसान खेतों की बुआई के लिए पानी का इंतजार कर रहे हैं। नरायनपुर पंप कैनाल जिले के बड़े हिस्से में सिंचाई का प्रमुख साधन है। हर वर्ष यह पंप कैनाल गंगा से पानी खींचकर खेतों तक पहुंचाता है, लेकिन इस बार जलस्तर में कमी ने किसानों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है।
किसानों ने मांग की है कि या तो जल्दी जलस्तर सामान्य हो या सरकार वैकल्पिक सिंचाई योजनाएं चालू करे, जिससे खरीफ सीजन में फसलों की बुआई समय से हो सके।
प्रशासन की सतर्कता और डीएम के सक्रिय निरीक्षण से यह तो साफ है कि प्रयास जारी हैं, लेकिन यदि जल्द हालात नहीं सुधरे तो जिले के किसानों को गंभीर मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।
मौके पर मिले सिंचाई विभाग के अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि गंगा नदी का जलस्तर सामान्य मानक 60 मीटर से कम होने के कारण नरायनपुर पंप कैनाल नहीं चल पा रहे हैं। गंगा का जलस्तर 59.85 मीटर पर था।
सिंचाई विभाग के अधिकारियों द्वारा बताया गया कि गंगा नदी में जल स्तर बढ़ते ही तत्काल चंदौली जनपद के कई गाँव के किसान लाभान्वित होंगे। जिलाधिकारी ने गंगा नदी में जल स्तर बढ़ते ही नहरों में टेल तक पानी निर्बाध रूप से पहुंचने हेतु सम्बन्धित को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसान भाइयों की ख़ुशहाली हमारी प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिशासी अभियंता एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।