इंडस्ट्रियल एरिया में बिजली बिल सुधार के लिए लगेंगे कैंप, DM ने उद्यमियों को दिया निर्भय होकर काम करने का भरोसा
उद्योग बंधु की बैठक में डीएम चन्द्र मोहन गर्ग का सख्त निर्देश
युवाओं के स्वरोजगार ऋण आवेदनों को न करें पेंडिंग
रामनगर औद्योगिक क्षेत्र की सड़कों और सुरक्षा पर फोकस
डीएम ने PWD को प्राथमिकता से सड़क सुधार और ASP को अराजक तत्वों पर लगाम लगाने को कहा
चंदौली जिले के जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बंधु की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने औद्योगिक विकास और उद्यमियों की समस्याओं के समाधान को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
सड़क सुधार और बिजली बिलों पर फोकस
डीएम चन्द्र मोहन गर्ग ने रामनगर औद्योगिक क्षेत्र (फेज-2) की खराब सड़कों पर संज्ञान लेते हुए लोक निर्माण विभाग (PWD) को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जो सड़कें दुरुस्त करने योग्य हैं, उनका प्राथमिकता से निरीक्षण कर कार्य जल्द से जल्द पूरा किया जाए। इसके साथ ही, औद्योगिक फीडर से बिजली लेने वाले उद्यमियों की बिल संबंधी समस्याओं के लिए बड़ा फैसला लिया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि कैंप लगाकर विद्युत बिलों को जमा करने और उनमें सुधार करने का कार्य सुनिश्चित किया जाए।
स्वरोजगार योजनाओं में तेजी
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने निवेश मित्र पोर्टल के प्रकरणों और मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत ऋण स्वीकृति एवं वितरण की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि इन योजनाओं के अंतर्गत आने वाले किसी भी आवेदन को किसी भी दशा में पेंडिंग न रखा जाए। उन्हें नियमानुसार स्वीकृत कर समय पर लाभार्थियों को वितरित किया जाए।
औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षा पर आश्वासन
उद्यमियों ने बैठक में इंडस्ट्रियल एरिया में अराजक तत्वों की अनावश्यक आवाजाही पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि इससे उनके मन में किसी दुर्घटना का संदेह बना रहता है। इस पर जिलाधिकारी ने उन्हें निर्भय होकर कार्य करने का भरोसा दिया। उन्होंने तत्काल अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर से बात कर औद्योगिक क्षेत्र में संभावित सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने का निर्देश दिया।
बैठक में उपायुक्त उद्योग सिद्धार्थ यादव, अधिशासी अभियंता विद्युत, रामनगर इंडस्ट्रियल एरिया के उद्यमीगण और अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।