रुठों को मनाकर पार्टी के कंडीडेट की जीत पक्की कर रहे सांसदजी, खूब हुआ मान-मनौव्वल
 

उन्होंने एक दर्जन पुराने कार्यकर्ताओं के घर जाकर मान मनौव्बल करने की कोशिश की। यह कार्यकर्ता भारतीय जनता पार्टी के बड़े नेताओं के रवैये से रूठ कर अपने अपने घरों में बैठे हुए थे या फिर भाजपा प्रत्याशी के लिए कोई मदद नहीं कर रहे थे। 
 

चंदौली नगर पंचायत व नगर पालिका में बीता पूरा दिन

कैबिनेट मंत्री डॉक्टर महेंद्र नाथ पांडेय की एक और पहल

सारे गिले-शिकवे को भी दूर करने की कोशिश

चंदौली जिले में नगर पालिका और नगर पंचायत चुनाव में पार्टी की स्थिति का आकलन करने के बाद चंदौली जिले के सांसद और मोदी सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉक्टर महेंद्र नाथ पांडेय ने सोमवार को पूरा दिन चंदौली जिले में बिताया। इस दौरान पार्टी के कई रूठे कार्यकर्ताओं के घर जाकर उनको मनाने की कोशिश की। साथ ही साथ कुछ लोगों को कार्यक्रमों में मुलाकात के दौरान भविष्य के लिए आश्वासन देते हुए भाजपा को जीत दिलाने में जुटने का आग्रह किया।

 बताया जा रहा है कि इन चुनावों में सफलता के लिए सांसद डॉक्टर महेंद्र नाथ पांडेय ने जिले से मिले नकारात्मक फीडबैक के दौरान आखिरी दिनों में अपना एक आखिरी दांव खेला है और वह चंदौली जिले की सभी सीटों को भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में करने के लिए जोर लगाने की कोशिश की है।

 2 मई की शाम को प्रचार-प्रसार खत्म हो जाएगा, ऐसे में 1 मई को पूरे दिन डॉक्टर महेंद्र नाथ पांडेय ने सुबह के समय पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर पालिका क्षेत्र में बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और वहां पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इसके बाद वह चंदौली जिला मुख्यालय पर नगर पंचायत चंदौली की नब्ज टटोलने के लिए पहुंचे, जहां पर उन्होंने एक दर्जन पुराने कार्यकर्ताओं के घर जाकर मान मनौव्बल करने की कोशिश की। यह कार्यकर्ता भारतीय जनता पार्टी के बड़े नेताओं के रवैये से रूठ कर अपने अपने घरों में बैठे हुए थे या फिर भाजपा प्रत्याशी के लिए कोई मदद नहीं कर रहे थे। 

कहा जा रहा है कि उनसे बात करने के बाद उनके सारे गिले-शिकवे को भी दूर कर दिया है। साथ ही  कोशिश की है कि सब साथी संगठन के काम में जुटें। सबको पार्टी पूरा मान सम्मान और भागीदारी देगी। सांसद ने कहा कि चुनाव में टिकट एक ही कार्यकर्ता को मिलता है। बाकी सब को उसका सहयोग करना होता है और पार्टी का फैसला सब को मानना चाहिए।

 अब देखना है कि चंदौली और मुगलसराय के आखिरी दिनों में इस सक्रियता का क्या फर्क पड़ता है और भारतीय जनता पार्टी कितने भारी बहुमत से जीत हासिल करने में सफल रहती है। इस दौरान चिकित्सा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष डॉक्टर केएन पांडेय,  मीडिया प्रभारी हरिबंश उपाध्याय, जिला मुख्यालय पर नगर पंचायत चंदौली के चुनाव प्रभारी जितेंद्र पांडेय,  पूर्व जिला अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह समेत पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता दिन भर उनके साथ लगे रहे।