बस इतनी सी बात पर भाई ने चलायी गोली, बर्दास्त नहीं हुआ थी कचहरी की बेइज्जती
सिरसी गांव में चली गोली के पीछे की असली कहानी
अधिवक्ता की मौके पर मौत
बैंक ऋण की किस्त बना विवाद का कारण
रिटायर्ड दारोगा ने ताबड़तोड़ चलाई रिवॉल्वर
वारदात के बाद आरोपी दंगला यादव फरार
चंदौली जिले में गुरुवार की शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई तो लोगों में चर्चा होने लगी कि आखिर ऐसा क्या विवाद था, जिसमें बड़े भाई ने छोटे भाई को गोली मार दी। चंदौली कोतवाली क्षेत्र के सिरसी गांव में रिटायर्ड दारोगा दंगला यादव ने अपने छोटे भाई अधिवक्ता कमला यादव की गोली मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि घटना की वजह बैंक ऋण की किस्त न चुकाना था। विवाद इतना बढ़ा कि बड़े भाई ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अधिवक्ता गंभीर रूप से घायल हुए और उन्हें तत्काल बाबा कीनाराम मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
इसलिए बढ़ गया विवाद
जानकारी के अनुसार, मृतक की मां धनराजी देवी ने करीब पांच वर्ष पूर्व यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, मंडी समिति शाखा से छह लाख रुपये का ऋण लिया था। मां के निधन के बाद बैंक ने सभी भाइयों को किस्त चुकाने के लिए नोटिस भेजा। हाल ही में 13 सितम्बर को लोक अदालत में समझौता हुआ था, जिसके तहत चारों भाइयों—कमला, दंगला, मंगला और केशर—को 15-15 हजार रुपये जमा करना था।
इसी किस्त को लेकर गुरुवार को चंदौली कचहरी परिसर में दोनों भाइयों के बीच बहस हुई। वहां अधिवक्ता पक्ष से दंगला यादव की पिटाई भी हो गई। आक्रोशित दंगला यादव घर लौट आया और थोड़ी देर बाद जैसे ही अधिवक्ता कमला यादव सिरसी स्थित अपने घर पहुंचे, उन पर गोलियां दाग दीं।
एक-एक करके 3 गोलियां दागीं
पुलिस के मुताबिक, अधिवक्ता को सिर और सीने में तीन गोलियां लगीं। गोली लगते ही वे मौके पर गिर पड़े। परिवार वालों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
मृतक की पत्नी शकुंतला की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी दंगला यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से आरोपी फरार है। उसकी तलाश में एसओजी, सर्विलांस और पुलिस की टीमें लगाई गई हैं।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच की। एसपी ने कहा कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कानून के हवाले किया जाएगा।
अधिवक्ता की हत्या से वकील समाज में गहरा आक्रोश है। सिविल बार एसोसिएशन के पूर्व महामंत्री संजीव श्रीवास्तव ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। गांव और जिले में इस सनसनीखेज हत्या की चर्चा बनी हुई है। लोग मान रहे हैं कि घरेलू विवाद ने भाईचारे को खून में बदल दिया।