नवरात्र पर नीलम ओहरी ने दिया है खास तोहफा, चर्चा में हैं 24 घंटे फ्री वाई-फाई की सुविधा वाली स्कीम
नौगढ़ का दुर्गा मंदिर पोखरा बना डिजिटल मंदिर
24 घंटे फ्री वाई-फाई से बदलेगा भविष्य
नौगढ़ के दुर्गा मंदिर परिसर में शुरू हुई फ्री Wi-Fi सेवा
चंदौली जिले के तहसील नौगढ़ में नवरात्र से शुरू दीपावली तक चमकेगा गांव --एक महिला प्रधान की ऐसी सोच से दुर्गा मंदिर पोखरा अब डिजिटल मंदिर बन चुका है। यह कदम केवल सुविधा भर नहीं, बल्कि गांव की तस्वीर और तकदीर बदलने की ठोस पहल है। गांव के लोग मान रहे हैं कि दशहरा, दीपावली और छठ जैसे पर्व अब यहां सिर्फ आस्था का जश्न नहीं होंगे, बल्कि डिजिटल इंडिया की रोशनी से भी चमकेंगे।
आपको बता दें कि दुर्गा मंदिर पोखरे पर अब पूजा-पाठ और आरती के साथ डिजिटल साधना का दौर भी चलेगा। मंदिर के आंगन में बैठकर गांव के बच्चे-युवा पढ़ाई कर सकेंगे, ऑनलाइन क्लास से जुड़ सकेंगे, महिलाएं सरकारी योजनाओं की जानकारी पा सकेंगी और किसान आधुनिक तकनीक से नए अवसर हासिल कर सकेंगे। यह सुविधा उन बच्चों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है, जिनके पास महंगे डेटा पैक या शहरों जैसी सुविधाएं नहीं हैं। अब दीपावली पर जिस तरह घर-घर दीये जलेंगे, उसी तरह यह वाई-फाई गांव के हर कोने में ज्ञान और जानकारी का दीपक जलाएगा।
शिक्षा और तकनीक का संगम, हंसते मुस्कुराते युवक
दुर्गा मंदिर परिसर में शुरू हुई Wi-Fi सेवा ने इस स्थान को शिक्षा और तकनीक का संगम बना दिया है। अब जो श्रद्धालु सुबह-शाम पूजा करने आएंगे, वे बच्चों को पढ़ाई करते, युवाओं को मोबाइल-लैपटॉप पर काम करते और महिलाओं को जानकारी हासिल करते देखेंगे। लोग कह रहे हैं कि यह नजारा इस बात का प्रतीक है कि आस्था और शिक्षा साथ-साथ चल सकती हैं। पंचायत की यह सोच गांव के बच्चों को बड़ा सपना देखने और उसे पूरा करने का साहस देगी।
जिले में मिसाल बनेगी पंचायत बाघी
बाघीं पंचायत की यह पहल पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। लोग कह रहे हैं कि जब गांव का मंदिर ही डिजिटल हो गया, तो अब गांव का भविष्य भी जगमगाएगा। पंचायत का यह कदम दीपावली की रोशनी से पहले ही गांव को डिजिटल जगमगाहट से भर चुका है। लोग उम्मीद जता रहे हैं कि आने वाले दिनों में दूसरी पंचायतें भी इस राह पर चलकर नई मिसाल कायम करेंगी। यह पहल केवल इंटरनेट की सुविधा नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को डिजिटल ज्ञान से लैस करने का पक्का इंतजाम है।
पंचायत प्रधान नीलम ओहरी ने चंदौली समाचार से कहा —
“हमारा उद्देश्य है कि गांव का कोई भी बच्चा, महिला या किसान पीछे न रह जाए। मंदिर आस्था का केंद्र है और अब यहां से ज्ञान की रोशनी भी बिखरेगी। 24 घंटे फ्री वाई-फाई से गांव सीधे डिजिटल इंडिया से जुड़ेगा। यह सुविधा आने वाली पीढ़ियों को मजबूत नींव देगी।”
प्रधान प्रतिनिधि दीपक गुप्ता बोले
“यह पहल पूरी तरह हमारी प्रधान नीलम ओहरी जी की सोच का परिणाम है। उन्होंने चाहा कि मंदिर से आस्था के साथ-साथ शिक्षा और तकनीक की भी रोशनी फैले। हम सब मिलकर उनकी इस सोच को आगे बढ़ा रहे हैं। गांव के बच्चे, महिलाएं और किसान अब सीधे डिजिटल इंडिया से जुड़ पाएंगे।”