हिरासत में लेकर इतना पीटा की शरीर पर उभर आए हैं निशान, देखिए पुलिस की हैवानियत
चंदौली जिले में पुलिस का दिखा अमानवीय चेहरा
चोट के निशान देखकर आप भी रह जाएंगे दंग
पीड़ित लगा रहा है चौकी इंचार्ज पर गंभीर आरोप
चंदौली जनपद के मुगलसराय थाना के औद्योगिक नगर के दरोगा और दीवान पर एक व्यक्ति की बेरहमी से पिटाई करने का आरोप लगा है। पीड़ित द्वारा द्वारा अपने शरीर के जख्मों को दिखाकर पुलिस की क्रूरता का प्रमाण भी पेश किया जा रहा है। लखनऊ में हिरासत में मौत के मामले को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने मामले का संज्ञान लिया है और तत्काल सीओ पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर को जांच करने का निर्देश दिया है।
आपको बता दें कि मुगलसराय थाना के ताहिरपुर गांव के निवासी सगे भाइयों के बीच जमीन को लेकर आपस में विवाद हो गया था। दोनों के बीच गाली गलौज हुई और इस मामले के निपटारे के लिए दोनों मुगलसराय थाना के औद्योगिक नगर पुलिस चौकी पहुंचे। इसके बाद दोनों को पुलिस ने लाकअप में बंद कर उनका जमकर पिटाई की।
पीड़ितों ने दरोगा पंकज सिंह और कांस्टेबल प्रभुनाथ यादव पर बेरहमी से पिटाई का आरोप लगाया है। पीड़ित हजारीलाल साहनी ने कहा कि कांस्टेबल का रवैया बहुत गलत रहा। पीड़ित ने अपने जख्म को दिखाकर पुलिस की क्रूरता को बयां किया। पुलिस के पिटाई के गए जख्म भी दिखाई दे रहा है।
ताहिरपुर गांव में जमीन विवाद के बाद पुलिस के पास न्याय की गुहार लेकर पहुंचे दो सगे भाइयों की औद्योगिक नगर पुलिस चौकी में जमकर पिटाई करने से पुलिस की किरकिरी होनी शुरू हो गयी है। पुलिस पर आरोप है कि दरोगा पंकज सिंह और कांस्टेबल प्रभुनाथ यादव ने उन्हें जमकर मारा- पीटा। इस बाबत पीड़ित ने मुगलसराय कोतवाल को फोन किया तो उन्होंने भी गलत तरीके से बात की और दोनों को जेल भेजने की धमकी दी।
मामला संज्ञान में आने के बाद एसपी आदित्य लांग्हे ने सीओ से जांच कराने की बात कही है। जांच में दोषी पाए जाने पर पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। इस संबंध में सीओ पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर आशुतोष कुमार ने बताया कि दो भाइयों के बीच में आपस में विवाद था। उसी मामले में पुलिस चौकी लाकर पुलिस द्वारा पिटाई का आरोप लगाया गया है। पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा जांच करने का निर्देश दिया गया है। इस मामले में जांच की जा रही है। सच्चाई मिलने पर दोषियों पर कार्रवाई होगी।