खनन माफियाओं का काला खेल: रात के अंधेरे में नदी का सीना चीर रही मशीनें, वायरल वीडियो में देखिए खनन का खेल
चंदौली के सैयदराजा स्थित परसिया गांव में नियमों को ताक पर रखकर अवैध खनन जारी है। रात के अंधेरे में हो रही इस लूट से पर्यावरण को बड़ा खतरा पैदा हो गया है।
परसिया गांव में नदी किनारे अवैध खनन का बोलबाला
रात्रि में मशीनों और ट्रैक्टरों से मिट्टी-बालू की चोरी
राजस्व विभाग और पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल
ग्रामीणों द्वारा बनाए गए अवैध खनन के वीडियो वायरल
पर्यावरण और जलस्तर पर मंडराया गंभीर संकट
चंदौली जनपद के सैयदराजा थाना क्षेत्र अंतर्गत परसिया गांव के समीप नदी के तटों पर इन दिनों खनन माफियाओं का राज चल रहा है। नियम-कानूनों की परवाह किए बिना यहां दिन-रात मिट्टी और बालू का अवैध खनन किया जा रहा है। विडंबना यह है कि इस गंभीर विषय पर संबंधित विभाग और स्थानीय पुलिस की चुप्पी ने प्रशासनिक दावों पर सवालिया निशान लगा दिए हैं।
विभागीय चुप्पी और माफियाओं की दबंगई
क्षेत्र में चर्चा है कि खनन माफियाओं द्वारा राजस्व विभाग को चपत लगाने के लिए कागजों पर औपचारिकता तो पूरी कर ली जाती है, लेकिन धरातल पर नियमों का खुला उल्लंघन होता है। ग्रामीणों का कहना है कि माफियाओं की दबंगई के कारण कोई भी खुलकर विरोध नहीं कर पा रहा है। हालांकि, जागरूक ग्रामीणों ने चोरी-छिपे खनन के वीडियो बनाए हैं, जिनमें साफ देखा जा सकता है कि किस तरह माफिया बेखौफ होकर प्राकृतिक संपदा की लूट कर रहे हैं।
प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल
पर्यावरणविदों और ग्रामीणों का मानना है कि यदि समय रहते प्रशासन और खनन विभाग ने कड़े कदम नहीं उठाए, तो आने वाले समय में खेती और पर्यावरण को अपूरणीय क्षति होगी। लोगों का सीधा आरोप है कि विभागीय अधिकारियों की कथित मिलीभगत के बिना इतना बड़ा खेल संभव नहीं है। अब देखना यह है कि प्रशासन वायरल वीडियो और जन शिकायतों का संज्ञान लेकर माफियाओं के खिलाफ कब कार्रवाई सुनिश्चित करता है।