डॉ. लोहिया व पंडित कमलापति की कर्मभूमि को  इंडिया गठबंधन से उम्मीद, सपना साकार करने का वादा

पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि यह चुनाव संविधान को बचाने का चुनाव है। भाजपा सरकार ने पिछले 10 वर्षों में देश को तोड़ने व कमजोर करने का काम किया है।
 

इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार वीरेंद्र सिंह के नामांकन के बाद सभा

पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह ने भरा जोश

मनोज सिंह डब्लू ने भी भाजपा नेताओं को ललकारा

चंदौली जिले में इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार वीरेंद्र सिंह ने नामांकन करने के बाद हिनौता में जनसभा कर कार्यकर्ताओं में जोश भरने की कोशिश की और कई नेताओं ने भाजपा सरकार की नाकामियों को गिनाने की कोशिश की। इस दौरान उनके समर्थन में पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह व सपा के राष्ट्रीय सचिव मनोज सिंह डब्लू ने मंच से आमजन को संबोधित किया। कहा कि इंडिया गठबंधन की सरकार ही देश के उज्ज्वल भविष्य को तय करेगी।

इस दौरान लोगों को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि यह चुनाव संविधान को बचाने का चुनाव है। भाजपा सरकार ने पिछले 10 वर्षों में देश को तोड़ने व कमजोर करने का काम किया है। महंगाई से आमजनता की कमर तोड़कर रख दी है। आगे बोलते हुए कहा कि चंदौली डॉ. राम मनोहर लोहिया व पंडित कमलापति त्रिपाठी की कर्मभूमि है। चंदौली का विकास समाजवादी विचारधारा की सरकार व सोच के लोग ही कर सकते हैं।

सपा प्रत्याशी वीरेंद्र सिंह ने कहा कि जनता ने मौका दिया तो जो भी विकास कार्य अधूरे रह गए हैं,  उसे पूरा करने का काम किया जाएगा। जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य के साथ ही रोजगार के क्षेत्र में इंडिया गठबंधन की सरकार ऐतिहासिक कार्य करने जा रही है।

आज इस मौके पर सपा के राष्ट्रीय सचिव मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि सपा सरकार में आवाजापुर में सेना भर्ती कराकर युवाओं को सेना में भर्ती होने का अवसर पर दिया। इसके अलावा जनता से जुड़ी बुनियादी सुविधाएं भी स्थानीय लोगों को मुहैया कराई। वहीं डबल इंजन की सरकार ने पिछले 10 वर्ष में चंदौली की जनता को छलने का काम किया। भाजपा के मंत्री ने जनता से कई वादे किए और सभी वादों से मुकर गए। बावजूद इसके भाजपा ने ऐसे व्यक्ति को फिर से टिकट देकर चंदौली भेजने का काम किया है। ऐसे में चंदौली की जनता का दायित्व है कि अपने वोट से भाजपा के अहंकार को जवाब दें और इंडिया गठबंधन की सरकार बनाने का काम करें।

इस अवसर पर मनोज सिंह काका, सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण सिंह, पूर्व मंत्री सुरेंद्र पटेल, हीरालाल, महेंद्र राजभर, केशव राजभर, रमेश यादव, परवेज जोखू, अशोक त्रिपाठी उर्फ छोटू तिवारी भी मौजूद रहे।