पहले किसान दिवस से गायब रहे नए वाले डीएम साहब, किसानों की उपेक्षा पर दिखा भारी गुस्सा

चंदौली में नए डीएम शैलेष कुमार के किसान दिवस में शामिल न होने पर किसानों ने कड़ी नाराजगी जताई है। कलेक्ट्रेट सभागार में सीडीओ की अध्यक्षता में हुई बैठक में खाद, बिजली और सड़क के मुद्दे उठे।
 

किसान दिवस से नदारद रहे डीएम शैलेष कुमार 

सीडीओ जगत साईं ने सुनी समस्याएं और दिया आश्वासन

जमीनों के सर्किल रेट बढ़ाने मांग के साथ-साथ कई समस्याओं पर चर्चा

बेन धरौली मार्ग पर गिट्टी समस्या, नेगुरा माइनर सफाई का मुद्दा उठा

चंदौली जिले के कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार दोपहर किसान दिवस का आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण बैठक में दो दिन पहले ही जिले का पदभार संभालने वाले नए जिलाधिकारी शैलेष कुमार शामिल नहीं हुए। उनकी अनुपस्थिति में मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मिलकर किसानों की समस्याएं सुनीं। डीएम के चार्ज संभालने के तीसरे दिन आयोजित किसान दिवस में न आने से किसान विकास मंच के राम अवध सिंह ने नाराजगी जताई और आरोप लगाया कि पत्रकारों से बड़ी बड़ी बातें करने वाले नए डीएम किसानों की समस्याओं को लेकर उदासीन रवैया अपना रहे हैं।

सिंचाई, बिजली, खाद और जमीन के सर्किल रेट का उठा मुद्दा
बैठक में किसान नेता रतन सिंह ने कृषि से जुड़ी बुनियादी समस्याओं जैसे सिंचाई, बिजली और खाद की किल्लत को पुरजोर तरीके से उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले में जमीनों का सर्किल रेट नहीं बढ़ने से किसान बेहद निराश हैं। विभिन्न सरकारी विकास परियोजनाओं के लिए किसानों की कीमती जमीनों का अधिग्रहण किया जा रहा है। अगर सर्किल रेट समय पर बढ़ाया गया होता तो किसानों को अपनी जमीनों का सही और उचित मुआवजा मिल पाता। सर्किल रेट न बढ़ने के कारण जिले के किसानों में शासन-प्रशासन के खिलाफ गहरा रोष देखने को मिल रहा है।

सड़क निर्माण में लापरवाही और धान खरीद में अनियमितता
समीक्षा बैठक के दौरान बेन धरौली मार्ग के निर्माण का मुद्दा भी गर्माया। किसान विकास मंच के राम अवध सिंह ने बताया कि सड़क पर बड़े पैमाने पर गिट्टी बिछाकर छोड़ दी गई है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। वहीं भारतीय किसान यूनियन के नेता कन्हैया मौर्य ने जिले के विभिन्न धान क्रय केंद्रों पर गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया। उन्होंने मांग की कि छोटे और सीमांत किसानों की सुविधा के लिए क्रय केंद्रों पर अलग से विशेष और पारदर्शी व्यवस्था लागू की जाए।

दो साल से लटकी नेगुरा माइनर सफाई और बंदरों का आतंक
किसान शेषनाथ यादव ने कहा कि किसान बार-बार समस्याएं उठाते हैं, पर अधिकारी गंभीर नहीं दिखते। किसान नेता गोपाल सिंह ने नेगुरा माइनर की सफाई और सड़क निर्माण का मामला उठाया और बताया कि वे दो साल से यह मुद्दा उठा रहे हैं पर सुनवाई नहीं हो रही। इसके साथ ही किसान नेता रविंद्र नाथ सिंह उर्फ मुन्ना सिंह ने नरवन क्षेत्र के गांवों में बंदरों के आतंक का मुद्दा उठाकर तुरंत समाधान की मांग की। सीडीओ ने सभी संबंधित अधिकारियों को किसानों द्वारा उठाई गई जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के कड़े निर्देश दिए हैं।