PDDU नगर तहसील के लेखपाल पर भ्रष्टाचार और दुर्व्यवहार का आरोप, जिलाधिकारी कराएंगे आय से अधिक सम्पत्ति की जांच
PDDU नगर लेखपाल वीरेंद्र प्रसाद पर दुर्व्यवहार और भ्रष्टाचार के आरोप
लेखपाल पर आय से अधिक संपत्ति का आरोप
अधिवक्ताओं ने DM से की जांच की मांग
चंदौली जिले की पीडीडीयू नगर तहसील में तैनात लेखपाल वीरेंद्र प्रसाद पर मुगलसराय बार एसोसिएशन और डेमोक्रेटिक बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने गंभीर आरोप लगाए हैं। अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी को एक शिकायती पत्र सौंपकर लेखपाल वीरेंद्र प्रसाद के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि लेखपाल अधिवक्ताओं के साथ दुर्व्यवहार करता है। सबसे गंभीर आरोप यह है कि लेखपाल के पास आय के ज्ञात स्रोतों से कई गुना अधिक अचल संपत्ति है, जिसमें मकान, बैनामा और एग्रीमेंट शामिल हैं, जो उसने अपनी पत्नी के नाम पर अर्जित किए हैं।
गलत पैमाइश और धमकी का मामला
अधिवक्ताओं ने शिकायत में कहा है कि लेखपाल वीरेंद्र प्रसाद ने पीडीडीयू नगर क्षेत्र में गलत तरीके से जमीनों की पैमाइश करके करोड़ों रुपये की संपत्ति पर अवैध कब्जा किया है। जब भी कोई व्यक्ति उसके खिलाफ आवाज उठाता है, तो वह उसे एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराने की धमकी देता है, जिससे शिकायतकर्ता डर जाते हैं।
जिलाधिकारी ने दिए जांच के आदेश
शिकायत की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने इस पूरे मामले की जांच एसडीएम अनुपम मिश्रा को सौंप दी है। एसडीएम अनुपम मिश्रा ने मीडिया को बताया कि जिलाधिकारी की ओर से उन्हें अधिवक्ताओं का शिकायती पत्र प्राप्त हुआ है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि इस जांच के लिए तहसीलदार को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। जांच अधिकारी की रिपोर्ट आने के बाद ही लेखपाल वीरेंद्र प्रसाद के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।