महादेव रोड लाइन होटल पर चला बुलडोजर, तो विवाद में कूदे वकील, पुलिस से हुयी जमकर तूतू-मैंमैं

 

चंदौली के सैयदराजा में लीज विवाद के चलते महादेव रोड लाइन होटल पर जेसीबी चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया गया। दोनों पक्षों में मारपीट और वकीलों के हंगामे से मामला गरमा गया है।

 
 

महादेव रोड लाइन होटल पर चला बुलडोजर

सैयदराजा थाना क्षेत्र सवैया गांव विवाद

अधिवक्ताओं का सैयदराजा थाने पर धरना

जमीन लीज विवाद में मारपीट और धमकी

चंदौली जिले के सैयदराजा थाना क्षेत्र अंतर्गत सवैया गांव के पास नेशनल हाईवे-19 पर स्थित 'महादेव रोड लाइन होटल' को जेसीबी से ध्वस्त कर दिए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। जमीन के पुराने विवाद को लेकर होटल गिराए जाने के बाद दोनों पक्ष अब आमने-सामने आ गए हैं। इस घटना के बाद क्षेत्र में काफी तनाव व्याप्त है और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट करने, भद्दी गालियां देने और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाते हुए सैयदराजा थाने में तहरीर दी है।

पहले पक्ष ने लगाया मारपीट और धमकी देने का आरोप
मामले में पहले पक्ष के उदयभान सिंह पुत्र सुखराम सिंह, निवासी सवैया का आरोप है कि उनके पिता के नाम दर्ज जमीन पर बने पुराने ढाबे का जीर्णोद्धार कराया जा रहा था। इसी दौरान 13 नवंबर की सुबह करीब सात बजे विरोधी पक्ष के लोग लामबंद होकर मौके पर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की। पीड़ित ने अपने परिवार को जान से मारने की धमकी मिलने की बात कहते हुए पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और पूरे परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की गुहार लगाई है।

दूसरे पक्ष ने लीज और न्यायालय में केस का दिया हवाला
वहीं दूसरी तरफ दूसरे पक्ष के जितेंद्र प्रताप सिंह और उपेंद्र प्रताप सिंह पुत्र स्वर्गीय जगदीश सिंह का कहना है कि उन्होंने यह महादेव ढाबा 15 साल की लीज पर लिया था और इस मामले को लेकर अदालत में मुकदमा पहले से विचाराधीन है। इसके बावजूद पहले पक्ष ने तानाशाही दिखाते हुए जबरन जेसीबी लगवाकर होटल को पूरी तरह से जमींदोज कर दिया। दूसरे पक्ष की ओर से भी मारपीट किए जाने के आरोप लगाए गए हैं।

अमान्य लीज और बकाया किराये का भी उठा मुद्दा
घटना के संबंध में यह बात भी सामने आई है कि जो लीज दी गई थी, वह रजिस्टर्ड नहीं है। इसके अलावा लीज की शर्तों में यह साफ लिखा था कि अगर लगातार 3 महीने तक किराया नहीं चुकाया गया, तो लीज खुद-ब-खुद रद्द मान ली जाएगी। दावा किया जा रहा है कि जितेंद्र उर्फ रिंटू की तरफ से बीते 3 महीने से ज्यादा वक्त से किराये का भुगतान नहीं किया गया है।

सैयदराजा थाना क्षेत्र के सवैया गांव विवाद
अधिवक्ताओं का सैयदराजा थाने पर धरना
जमीन लीज विवाद से जुड़ा है पूरा मामला@Uppolice @chandaulipolice @cosadarcdi @dmchandauli pic.twitter.com/ztABaLwhfJ

— Chandauli Samachar (@chandaulinews) November 13, 2026


वकीलों का गुस्सा फूटा तो थाने और सड़क पर दिया धरना
इस पूरे घटनाक्रम के बाद शुक्रवार को अधिवक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा और वे सैयदराजा थाने पहुंच गए। झन्मेजय सिंह के नेतृत्व में वकीलों की क्षेत्राधिकारी और थानाध्यक्ष से तीखी नोकझोंक हुई। अधिवक्ताओं ने पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई करने और पीड़ितों को परेशान करने का आरोप लगाते हुए कचहरी के पास सड़क पर धरना दिया। इस दौरान जितेंद्र उर्फ रिंटू और अधिवक्ताओं के बीच तीखी बहस भी हुई, जिसके बाद पुलिस ने किसी तरह स्थिति को संभाला। 

फिलहाल पुलिस साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है और शांतिभंग के तहत कार्रवाई पर विचार कर रही है। अब मामले में पुलिस कप्तान के यहां कार्रवाई को लेकर बात हो रही है कि मामले में क्या किया जाए। फिलहाल खबर लिखे जाने तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया था।