MLC चुनाव को लेकर BJP की बड़ी बैठक: महेंद्र नाथ पांडेय ने अखिलेश यादव को फिर से ललकारा
चंदौली में बीजेपी की बैठक के दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय ने एमएलसी चुनाव की रणनीति बनाई और अखिलेश-राहुल पर जमकर निशाना साधा।
चंदौली में भाजपा नेताओं की बड़ी बैठक
विधान परिषद चुनाव की बनी नई रणनीति
अखिलेश यादव को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती
राहुल गांधी को बताया दुर्भाग्यपूर्ण नेता विपक्ष
दिल्ली में अराजकता फैलाने के आरोपों पर घेरा
चंदौली जिले में पूर्व केंद्रीय मंत्री और पूर्व सांसद डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय एक बार फिर काफी सक्रिय नजर आ रहे हैं। उन्होंने चंदौली में भारतीय जनता पार्टी के प्रमुख नेताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी विधान परिषद (MLC) चुनाव की रणनीति तय करना और पार्टी कार्यकर्ताओं में नया जोश भरना था।
विधान परिषद चुनाव जीतने की बनाई रणनीति
बैठक के दौरान विधान परिषद चुनाव की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा कि एमएलसी चुनाव जागरूक मतदाताओं का चुनाव होता है और देश का जागरूक मतदाता हमेशा भारतीय जनता पार्टी के साथ खड़ा है। उन्होंने पूरा भरोसा जताया कि बीजेपी के सभी एमएलसी प्रत्याशी भारी मतों से अपनी जीत दर्ज करेंगे।
अखिलेश यादव को अयोध्या से चुनाव लड़ने का चैलेंज
पत्रकारों से बात करते हुए पूर्व मंत्री ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के डीएनए पर सवाल उठाते हुए उन्हें सीधी चुनौती दे डाली। उन्होंने कहा कि अगर अखिलेश यादव में अपने पिता मुलायम सिंह यादव का जरा सा भी पोटेंशियल है, तो वे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने अयोध्या से चुनाव लड़कर दिखाएं।
राहुल गांधी को बताया 'दुर्भाग्यपूर्ण' नेता विपक्ष
एसआईआर (SIR) मामले पर राहुल गांधी के आंदोलनों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गांधी थोड़ी सी भीड़ जुटाकर नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी निभाने के बजाय अराजकता को बढ़ावा दे रहे हैं। डॉ. पांडेय ने तीखा तंज कसते हुए कहा कि अब तक के भारतीय इतिहास में राहुल गांधी सबसे दुर्भाग्यपूर्ण नेता विपक्ष साबित हुए हैं।
विपक्षी एकजुटता और दिल्ली में प्रदर्शन पर बोला हमला
ओवैसी के विपक्षी एकजुटता वाले बयान पर उन्होंने कहा कि 2014 से ही चुनाव आते ही विपक्ष एकजुट होता है और फिर बिखर जाता है। दिल्ली में धरने और 'Gen Z' के मुद्दे पर पूर्व मंत्री ने कहा कि दिल्ली के दिल में अराजकता फैलाने की साजिश हो रही है। लोकतांत्रिक देश में दिल्ली में तीन-तीन धरना स्थल तय हैं, जहां संवैधानिक तरीके से प्रदर्शन किया जा सकता है।