विधायकों ने अवैध खनन पर जतायी चिंता, ओवर लोडिंग को रोकने के लिए कार्रवाई पर जोर
जिला खनिज फाउंडेशन न्यास की मीटिंग
चंदौली में विकास कार्यों के लिए फंड आवंटन की समीक्षा
सपा-भाजपा विधायकों ने एक साथ दिए कई सुझाव
कैलाश आचार्य और प्रभु नारायण सिंह यादव
चंदौली जिले में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला खनिज फाउंडेशन न्याय नियमावली 2021 के अंतर्गत, जिला खनिज फाउंडेशन न्यास निधि से कराए जाने वाले विकास कार्यों के लिए धनराशि आवंटन हेतु शासी परिषद की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता माननीय विधायक चकिया कैलाश आचार्य और माननीय विधायक सकलडीहा प्रभु नारायण सिंह यादव ने संयुक्त रूप से की। साथ ही दोनों विधायकों ने न्यास निधि के प्रभावी उपयोग को सुनिश्चित करने के लिए अपने विचार व्यक्त किए और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने विधायकों द्वारा दिए गए सुझावों का कड़ाई से पालन करने का आश्वासन दिया। बैठक में मुख्य रूप से अवैध खनन और ओवर लोडिंग पर नियंत्रण को लेकर चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने बताया कि ओवर लोडिंग को रोकने के लिए विभिन्न विभागों द्वारा धर पकड़ की कार्रवाई लगातार चल रही है।
जिलाधिकारी ने खनन अधिकारी गुलशन को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि वे अपनी टीम को और अधिक सक्रिय करें ताकि किसी भी तरह की शिकायत प्राप्त न हो। यह निर्देश क्षेत्र में वैध और पारदर्शी खनन गतिविधियों को सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजेश कुमार और खनन अधिकारी गुलशन सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। इस बैठक का उद्देश्य खनिज न्यास निधि का उपयोग खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास और कल्याण के लिए प्रभावी ढंग से करना है।