अनिल राजभर बोले- राहुल गांधी घूमने वाले फर्जी युवा, कांग्रेस के कृत्यों का हो रहा है खुलासा
कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर पहुंचे पैतृक आवास
पत्रकारों के सामने राहुल गांधी पर तीखा हमला
कहा - 'वे फर्जी युवा हैं और उनका परिवार वोट चोरी करता है'
चंदौली जिले में उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर शुक्रवार को अपने पैतृक निवास सकलडीहा पहुंचे, जहां उन्होंने जनता की समस्याओं को सुना और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा 'वोट चोरी' और चुनाव आयोग पर लगाए जा रहे आरोपों को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी। राजभर ने राहुल गांधी को 'घूमने वाला फर्जी युवा' बताते हुए कहा कि उनका परिवार दशकों से वोट चोरी करके सत्ता में काबिज रहा है।
'राहुल गांधी के परिवार की पहचान वोट चोरी'
कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने राहुल गांधी के बयानों पर पलटवार करते हुए कहा, "ऐसे फर्जी युवा को चोरी के अलावा कुछ भी दिखाई नहीं देता। दशकों से कांग्रेस पार्टी वोट चोरी करके सत्ता में रही है। आज जब उनके कृत्यों का खुलासा हो रहा है, तो वे बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं।"
राजभर ने चुनाव आयोग का बचाव करते हुए कहा कि आयोग अपना काम पूरी निष्पक्षता से कर रहा है। उन्होंने बताया कि कई ऐसे मतदाता हैं जिनका नाम कई जगहों पर दर्ज है। चुनाव आयोग ऐसे नामों को काट रहा है और एक ही जगह पर नाम सुनिश्चित कर रहा है। इसके अलावा, मृत मतदाताओं के नाम भी सूची से हटाए जा रहे हैं और नए मतदाताओं को जोड़ा जा रहा है, जो कि एक पारदर्शी प्रक्रिया है।
'हाइड्रोजन बम छोड़ने का कोई डर नहीं'
राहुल गांधी द्वारा 'हाइड्रोजन बम' छोड़ने की बात पर भी अनिल राजभर ने कटाक्ष किया। उन्होंने कहा, "उनको कौन हाइड्रोजन बम, अणु बम, या कोई भी बम छोड़ने से रोक रहा है? उन्हें जो छोड़ना है, छोड़ें। हम पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा।"
कानून-व्यवस्था पर सपा को घेरा
अखिलेश यादव द्वारा गोरखपुर की घटना पर कानून-व्यवस्था को लेकर उठाए गए सवालों पर भी अनिल राजभर ने समाजवादी पार्टी (सपा) पर पलटवार किया। उन्होंने कहा, "चार बार सत्ता में रही सपा सरकार ने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था को कहां लाकर खड़ा कर दिया था, यह सब लोग जानते हैं।"
राजभर ने योगी सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि आज उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था की चर्चा सिर्फ देश में ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी हो रही है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने अपराध पर लगाम लगाई है और अपराधियों में भय पैदा किया है, जिससे राज्य में शांति और सुरक्षा का माहौल बना है।
सकलडीहा स्थित आवास पर कैबिनेट मंत्री के पहुंचने की सूचना पर बड़ी संख्या में पीड़ित और स्थानीय लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। मंत्री ने सभी की बातें सुनीं और अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करने का निर्देश दिया।