सारे पंप कैनालों को चलवाना चाह रहे हैं विधायकजी, देखिए कितना सफल हो पाते हैं नेताजी
​​​​​​​

विधायक सुशील सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में धान की खेती का प्रमुख समय चल रहा है और किसानों को नहरों के माध्यम से पर्याप्त सिंचाई जल मिलना अत्यंत आवश्यक है।
 

विधायक सुशील सिंह ने किया 5 पंप कैनालों का किया निरीक्षण

सिंचाई अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

नहरों के टेल तक पानी पहुंचना एक बार फिर बड़ी चुनौती

चंदौली जिले की सैयदराजा विधानसभा सीट के विधायक सुशील सिंह ने रविवार को किसानों की समस्याओं को लेकर बड़ा कदम उठाया। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के वीरासराय, करौती, अदसड़, असना और अरंगी पंप कैनाल का औचक निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी पंप कैनाल को पूरी क्षमता से चलाया जाए ताकि किसानों को धान की रोपाई के समय पानी की कोई कमी न होने पाए।

विधायक सुशील सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में धान की खेती का प्रमुख समय चल रहा है और किसानों को नहरों के माध्यम से पर्याप्त सिंचाई जल मिलना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि नहरों के टेल तक पानी पहुंचना चाहिए, और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। अगर पंप संचालन में कोई तकनीकी समस्या आती है तो उसे तुरंत दूर किया जाए।

उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि किसान की खेती ही उसकी पूंजी है, और सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सिंचाई व्यवस्था में किसी तरह की कोताही सामने आती है तो जिम्मेदार अधिकारी पर कड़ी कार्रवाई तय है।

इस अवसर पर अधिशासी अभियंता ब्रजेश कुमार, सहायक अभियंता शौरभ मालवी, अवर अभियंता सुनील कुमार यादव, राज किशोर सिंह सहित बड़ी संख्या में विभागीय कर्मचारी व क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे। विधायक के इस निरीक्षण से क्षेत्रीय किसानों में उम्मीद की किरण जगी है।