सपा की बैठक में गरजे मनोज सिंह डब्लू, बोले - आज की तैयारी ही 2027 की जीत का आधार बनेगी, MLC चुनाव को लेकर आज हुयी मीटिंग 

 

सैयदराजा में एमएलसी प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा ने पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू के आवास पर बैठक की। डब्लू ने कहा, एमएलसी की तैयारी ही विधानसभा 2027 की जीत तय करेगी, सभी कार्यकर्ता बूथ पर डटे रहें।

 
 

आज की तैयारी 2027 की जीत का आधार

 एमएलसी चुनाव के लिए सपा ने कसी कमर

 मनोज सिंह डब्लू के आवास पर सपा की बैठक

 बूथ स्तर पर जनसंपर्क तेज करेगी सपा

 भाजपा सरकार युवाओं से डरी हुई है

चंदौली जिले में समाजवादी पार्टी ने आगामी एमएलसी स्नातक चुनाव के लिए कमर कस ली है। पार्टी अब बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने में जुट गई है। इसी कड़ी में रविवार को सैयदराजा में एक अहम बैठक हुई।

सपा के एमएलसी स्नातक प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा ने पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू के आवास पर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में चुनावी रणनीति और बूथ मैनेजमेंट पर लंबी चर्चा हुई।

एमएलसी चुनाव ही विधानसभा की नींव

बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने एमएलसी चुनाव को विधानसभा चुनाव 2027 से जोड़ दिया। उन्होंने कहा कि आज हम एमएलसी चुनाव के लिए जो तैयारी कर रहे हैं, वही 2027 के विधानसभा चुनाव में हमारी जीत का आधार बनेगी।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि लिहाजा हम सभी को एकजुट होकर पार्टी प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करनी होगी। हर कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी और बूथ तक सक्रिय रहना होगा।

देश के हालात पर भाजपा पर हमला

अपने संबोधन में मनोज सिंह डब्लू ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज देश में जिस तरह के हालात हैं, वह बेहद चिंताजनक हैं। लोकतंत्र का दमन करके जनता के ऊपर तानाशाही थोपी जा रही है।

उन्होंने कहा कि अंग्रेजों से लड़कर वीर क्रांतिकारियों ने देश को आजाद कराया था, लेकिन आज उसी आजादी को कुचला जा रहा है। भाजपा सत्ता में बने रहने के लिए पूरे देश को पुलिस स्टेट बनाने पर तुली हुई है।

मुख्य चुनाव आयुक्त पर बड़ा आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने देश के करोड़ों मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से काटकर देशद्रोह जैसा अपराध किया है। ऐसे में उन्हें नैतिकता के आधार पर खुद ही पद छोड़ देना चाहिए।

लेकिन इसके उलट, उन्हें हटाने के लिए आंदोलन करने वाले युवाओं पर पुलिस बल का इस्तेमाल किया जा रहा है। देश की राजधानी दिल्ली में आपातकाल जैसे हालात पैदा किए जा रहे हैं। लोगों को आने-जाने नहीं दिया जा रहा है।

दिल्ली में आपातकाल जैसे हालात

डब्लू ने कहा कि दिल्ली में सड़कें और इंटरनेट बंद कर दिया गया है। युवाओं को देखते ही पुलिस पकड़कर हिरासत में ले रही है। पूरी की पूरी भाजपा सरकार युवाओं से डरी हुई है। यह सरकार युवाओं की आवाज को दबाना चाहती है, लेकिन युवा अब जाग चुका है।

पढ़े-लिखे और युवाओं का है यह चुनाव: आशुतोष सिन्हा

वहीं, एमएलसी प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा ने कहा कि यह चुनाव पढ़े-लिखे लोगों और युवाओं का चुनाव है। हम सभी को जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाना होगा। लोगों ने भाजपा को सत्ता से हटाने का मन बना लिया है।

उन्होंने कहा कि हम सभी को बूथ स्तर पर जाकर जनसंपर्क करना होगा और लोगों को जागरूक करना होगा। यह एमएलसी चुनाव परिवर्तन की शुरुआत है। हमें विधानसभा में सत्ता परिवर्तन करके इसे अंजाम तक पहुंचाना होगा।

लेकिन तब तक एक-एक कार्यकर्ता को बूथ पर डटे रहना होगा। साथ ही यह भी सुनिश्चित करना होगा कि कोई भी मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहने पाए। लोकतंत्र के इस महापर्व में एक-एक मतदाता की भागीदारी सुनिश्चित करना ही हमारा लक्ष्य होना चाहिए।