मछुआरा समाज के हक की लड़ाई के लिए मनोज सिंह W ने की नाव-यात्रा, टेंडर को बताया 'तुगलकी फरमान' 
 

उन्होंने आरोप लगाया कि इस फैसले से मछुआरा समाज खून के आँसू रो रहा है और इसके लिए सीधे तौर पर भाजपा सरकार और उसके मत्स्य मंत्री जिम्मेदार हैं।
 

सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज कुमार सिंह 'डब्लू' ने ललकारा

मछुआरा समाज की नहीं छीनने देंगे आजीविका

मंत्री संजय निषाद को सुननी चाहिए बिरादरी की आवाज

गंगा में मछली पकड़ने के टेंडर मंजूर नहीं

चंदौली जिले में समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय सचिव और सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज कुमार सिंह 'डब्लू' ने मछुआरा समाज की आजीविका पर आए संकट को लेकर सोमवार को अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने सरकार द्वारा गंगा में मछली मारने के लिए लाए जा रहे टेंडर को 'तुगलकी फरमान' बताते हुए नरौली से महुंजी तक नाव से यात्रा की। इस 'नाव यात्रा' के दौरान उन्होंने मछुआरा समाज के लोगों से मुलाकात की, उनकी समस्याओं को सुना और भाजपा सरकार व मत्स्य मंत्री संजय निषाद पर गंभीर आरोप लगाए।

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/c6_yVigwkME?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/c6_yVigwkME/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

मनोज कुमार सिंह ने कहा कि गंगा में मछली पकड़ने के टेंडर से मछुआरा समाज की सदियों पुरानी आजीविका और उनके नैसर्गिक अधिकार पर सीधा हमला हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस फैसले से मछुआरा समाज खून के आँसू रो रहा है और इसके लिए सीधे तौर पर भाजपा सरकार और उसके मत्स्य मंत्री जिम्मेदार हैं।

सरकार के फैसले के खिलाफ 'नाव यात्रा'
अपनी यात्रा की शुरुआत उन्होंने नरौली गंगा घाट से की और नाव के जरिए बड़ौरा, अमादपुर, नगवां, सोनहुली, गुरैनी, कवलपुरा, प्रहलादपुर होते हुए महुजी पहुँचे। रास्ते में गंगा किनारे बसे गाँवों में उन्होंने मछुआरों से बात की। सोनहुली में दोपहर के भोजन के दौरान, मछुआरों ने उन्हें बताया कि यदि यह टेंडर लागू हो गया तो उनकी कई पीढ़ियों से चली आ रही जीवनशैली पूरी तरह बर्बाद हो जाएगी। उन्होंने कहा कि ठेकेदारी प्रथा से गंगा में जाल डालने का उनका नैसर्गिक अधिकार छीन लिया जाएगा, और यह उनके अस्तित्व की लड़ाई है।

महुजी में हुई एक सभा में मनोज सिंह 'डब्लू' ने टेंडर को मछुआरा समाज के लिए बर्बादी का कारण बताया। उन्होंने कहा कि इस टेंडर के बाद गंगा में केवल वही व्यक्ति जाल डाल पाएगा, जिसके पास ठेकेदार द्वारा जारी की गई स्लिप होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसा न करने पर मछुआरों को मारा-पीटा जाएगा और जेल भी भेजा जा सकता है।

मंत्री संजय निषाद पर सीधा हमला
सपा नेता ने सीधे तौर पर मंत्री संजय निषाद को उनके ही समाज के खिलाफ काम करने का दोषी ठहराया। उन्होंने कहा कि मछुआरा समाज ने जिस व्यक्ति को अपनी आवाज उठाने के लिए नेता बनाया, वही आज उन्हीं को कुचलने का प्रयास कर रहे हैं। मनोज सिंह ने कहा कि उनकी यात्रा का उद्देश्य मछुआरा समाज को जागरूक और एकजुट करना है। उन्होंने घोषणा की कि जल्द ही एक टीम बनाकर मंत्री संजय निषाद से मिला जाएगा और उनसे सवाल किया जाएगा कि वह अपने ही समाज के लोगों के साथ ऐसा क्यों कर रहे हैं।

अंत में, पूर्व विधायक ने इस मुद्दे पर भाजपा के स्थानीय जनप्रतिनिधियों की चुप्पी को समाज के खिलाफ बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं की चुप्पी ने मछुआरों को इस स्थिति में लाकर खड़ा कर दिया है, लेकिन अब मछुआरा समाज अपने वोट से इसका जवाब देगा। इस अवसर पर महंगू राम, राम दुलारे कनौजिया, मूरत निषाद, उमा निषाद, गुड्डू निषाद सहित बड़ी संख्या में मछुआरा समाज के लोग और सपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।