इन 3 दिनों में चंदौली जिले में आसानी से बनेगा पासपोर्ट, जानिए कब आ रही है मोबाइल पासपोर्ट वैन
 

चंदौली जिले के पासपोर्ट आवेदकों की सुविधा के लिए मुख्य डाकघर (MDG), चंदौली में मोबाइल वैन सुविधा के माध्यम से एक 'पासपोर्ट शिविर' का आयोजन किया जा रहा है।
 

योगी सरकार की ओर से बड़ी पहल

चंदौली में 'मोबाइल पासपोर्ट वैन' सेवा शुरू

घर के पास मिलेगी पासपोर्ट आवेदन की सुविधा

जानिए क्या करना होगा अब आपको

चंदौली जिले में पासपोर्ट बनवाने के लिए एक खास सहूलियत मिलने जा रही है। क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, लखनऊ ने नागरिकों को त्वरित, सरल और सुलभ पासपोर्ट सेवाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए 'मोबाइल पासपोर्ट वैन' सेवा का शुभारंभ किया है। इस पहल का उद्देश्य दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को लंबी दूरी तय किए बिना ही, उनके नज़दीकी स्थान पर पासपोर्ट आवेदन की सुविधा प्रदान करना है।

चंदौली में 3 दिवसीय पासपोर्ट शिविर
इसी क्रम में, चंदौली जिले के पासपोर्ट आवेदकों की सुविधा के लिए मुख्य डाकघर (MDG), चंदौली में मोबाइल वैन सुविधा के माध्यम से एक 'पासपोर्ट शिविर' का आयोजन किया जा रहा है।

शिविर की अवधि: यह सुविधा 3 दिनों तक, यानी 13, 14 और 15 अक्टूबर 2025 को उपलब्ध रहेगी।

एक दिन में मिलेंगे अपॉइंटमेंट : इन 3 दिनों के लिए प्रत्येक दिन कुल 50 सामान्य अपॉइंटमेंट जारी किए गए हैं।

ऐसे करें अपॉइंटमेंट बुक
इच्छुक आवेदक पासपोर्ट सेवा पोर्टल www.passportindia.gov.in पर जाकर अपना अपॉइंटमेंट बुक कर सकते हैं। अपॉइंटमेंट बुक करते समय आवेदकों को केंद्र के रूप में VAN-1 का चुनाव करना होगा। ये सभी आवेदन मुख्य डाकघर, चंदौली में ही VAN-1 के माध्यम से जमा किए जाएँगे।

क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने बताया है कि यह "मोबाइल पासपोर्ट वैन" सेवा वर्ष के प्रत्येक महीने में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में आयोजित की जाएगी, जिससे अधिकाधिक नागरिकों को उनके घर के पास ही पासपोर्ट बनवाने की सुविधा मिल सके।