DDU जंक्शन पर टिकट चेकिंग स्टाफ के लिए बनेगा 300 बेड का आधुनिक रेस्ट रूम, 8.8 करोड़ की लागत से होगा निर्माण
TTE स्टाफ की सुविधा के लिए रेलवे का बड़ा कदम
8.8 करोड़ की लागत से बनेगा नया रेस्ट रूम
300 बेड क्षमता वाला होगा नया भवन
महिला टीटीई के लिए अलग ठहरने की व्यवस्था
चंदौली जिले के पीडीडीयू नगर में ट्रेनों में टिकट चेकिंग का जिम्मा संभालने वाले चल टिकट परीक्षकों (टीटीई) को अब पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर रुकने में कोई दिक्कत नहीं होगी। रेलवे प्रशासन ने उनके ठहराव की सुविधा को बेहतर बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। करीब 8.8 करोड़ रुपये की लागत से 300 बेड का नया रेस्ट रूम बनाया जाएगा, जिसमें अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। खास बात यह है कि महिला टीटीई के लिए अलग और सुरक्षित व्यवस्था भी की जाएगी।
मौजूदा व्यवस्था में हो रही दिक्कत
फिलहाल पीडीडीयू जंक्शन पर डीआरएम ऑफिस के पीछे 120 बेड का रेस्ट रूम है। यह काफी पुराना हो चुका है और यहां रोजाना पहुंचने वाले 150 से 160 टीटीई के लिए अपर्याप्त साबित हो रहा है। जबकि केवल इस जंक्शन पर ही 206 टीटीई और सीआईटी तैनात हैं। इसके अलावा प्रयागराज मंडल और अन्य स्थानों से भी बड़ी संख्या में टीटीई यहां ठहरते हैं। ऐसे में पुराने रेस्ट रूम में जगह की कमी की वजह से स्टाफ को असुविधा होती है।
नए रेस्ट रूम में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
रेल प्रशासन द्वारा प्रस्तावित नए रेस्ट रूम को पूरी तरह वातानुकूलित बनाया जाएगा। यहां सीसीटीवी कैमरे, स्मार्ट टीवी, वाईफाई, आधुनिक फर्नीचर, डाइनिंग हॉल, वेज और नॉनवेज भोजन की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे टिकट चेकिंग स्टाफ को काम के बाद आरामदायक माहौल मिल सकेगा।
महिला टीटीई के लिए विशेष इंतजाम
रेल प्रशासन ने महिला टीटीई की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अलग रेस्ट रूम, डायनिंग हॉल और टॉयलेट की व्यवस्था की है। इससे महिला स्टाफ को सुरक्षित और सहज माहौल मिलेगा।
जल्द मिलेगा लाभ
नया रेस्ट रूम बनने के बाद दोनों रेस्ट रूम की संयुक्त क्षमता 420 बेड की हो जाएगी। इससे परीक्षकों को ठहरने में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होगी। वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक राजीव रंजन ने कहा कि यह परियोजना लंबे समय से लंबित थी, लेकिन अब इसे मूर्त रूप दिया जा रहा है। इसके बन जाने से टीटीई स्टाफ को बड़ी राहत मिलेगी और उनकी कार्यक्षमता भी बढ़ेगी।