सोनभद्र सांसद कुंवर छोटेलाल खरवार ने PM मोदी के सामने रखी है अजीबोगरीब मांग, स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारों को मिले 1 लाख रुपये पेंशन
सोनभद्र के सांसद कुंवर छोटेलाल खरवार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से 15 अगस्त को लाल किले से स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारों के लिए 1 लाख रुपये मासिक पेंशन की ऐतिहासिक घोषणा करने की मांग की है।
15 अगस्त पर 1 लाख पेंशन की मांग
सोनभद्र सांसद कुंवर छोटेलाल खरवार की अपील
लाल किले से ऐतिहासिक घोषणा की उम्मीद
आजादी के 78 साल बाद सम्मान की मांग
सोशल मीडिया पर पोस्ट तेजी से वायरल
देशभर में 15 अगस्त को लेकर 'हर घर तिरंगा' अभियान की धूम मची हुई है। इसी बीच सोनभद्र के सांसद कुंवर छोटेलाल सिंह खरवार ने एक ऐसी मांग उठाकर चर्चा छेड़ दी है, जो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है। सांसद ने कहा है कि हर घर पर तिरंगा लहराना बहुत अच्छी बात है, लेकिन उससे भी ज्यादा खुशी और गर्व की बात तब होगी जब देश के लिए जान देने वाले शहीदों के परिवारों तक सही मदद और पेंशन पहुंचेगी।
पीएम मोदी से लाल किले से घोषणा करने की अपील
सांसद छोटेलाल खरवार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से गुहार लगाई है कि इस बार 15 अगस्त पर लाल किले की प्राचीर से देश के स्वतंत्रता सेनानियों और उनके परिवारों के लिए लगभग 1 लाख रुपये प्रति माह पेंशन की ऐतिहासिक घोषणा की जाए। उन्होंने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर लिखा कि देश के वीरों को सच्ची श्रद्धांजलि तभी मिलेगी जब उनके परिजनों को 1 लाख रुपये पेंशन जारी होगी। तिरंगा हमारी आन-बान-शान है, लेकिन शहीदों के परिवारों को भूलना ठीक नहीं है।
आजादी के 78 साल बाद भी सेनानियों के परिवार परेशान
सांसद ने कहा कि देश की आजादी के 78 साल बीत जाने के बाद भी कई स्वतंत्रता सेनानियों के परिवार आज बुनियादी जरूरतों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। कई परिवार इलाज और बच्चों की पढ़ाई के लिए परेशान हैं और सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर हैं। उनका मानना है कि केवल प्रतीकों से काम नहीं चलेगा, बल्कि शहीदों के परिवारों को एक पक्का आर्थिक सहारा देना ही उनके त्याग का सही सम्मान होगा।
अखिलेश यादव के साथ तस्वीर और सोशल मीडिया पर समर्थन
सांसद छोटेलाल खरवार ने अपनी इस मांग वाली पोस्ट के साथ सपा प्रमुख अखिलेश यादव के साथ एक तस्वीर भी शेयर की है। पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोगों की ओर से उन्हें भारी समर्थन मिल रहा है। लोग कमेंट करके इसे असली देशभक्ति बता रहे हैं और सरकार से मांग कर रहे हैं कि 15 अगस्त को सेनानियों के परिवारों को यह तोहफा जरूर मिलना चाहिए।