चंदौली में 1.35 लाख किसानों ने नहीं कराई फार्मर रजिस्ट्री, नही मिलेगा PM सम्मान निधि का लाभ
जिले के 2.56 लाख किसानों में केवल 1.21 लाख ने कराई रजिस्ट्री
1.35 लाख किसान अब भी रजिस्ट्री से वंचित
पीएम सम्मान निधि योजना का लाभ पाने पर संकट
ऑनलाइन प्रक्रिया में आ रही दिक्कत से किसान परेशान
चंदौली जिले में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना और अन्य कृषि योजनाओं का लाभ लेने के लिए केंद्र सरकार ने फार्मर रजिस्ट्री को अनिवार्य कर दिया है। इसके बावजूद चंदौली जिले में अब भी बड़ी संख्या में किसान रजिस्ट्री कराने से वंचित हैं। ताजा आंकड़ों के अनुसार जिले में कुल 2,56,990 किसान हैं, जिनमें से केवल 1,21,020 किसानों ने ही अब तक रजिस्ट्री कराई है। जबकि 1,35,070 किसान अभी भी इस प्रक्रिया से बाहर हैं।
योजनाओं का लाभ होगा प्रभावित
सरकार ने स्पष्ट किया है कि जिन किसानों की फार्मर रजिस्ट्री पूरी नहीं होगी, उन्हें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ नहीं मिल पाएगा। इसके साथ ही अन्य कृषि योजनाओं से भी वंचित रहना पड़ सकता है। योजना के तहत किसानों को हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक मदद दी जाती है, जो तीन किश्तों में सीधे खातों में भेजी जाती है।
विभाग कर रहा जागरूक
कृषि विभाग की ओर से किसानों को लगातार रजिस्ट्री कराने के लिए जागरूक किया जा रहा है। गांव-गांव अभियान चलाकर किसानों को समझाया जा रहा है कि रजिस्ट्री न कराने से भविष्य में आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
किसानों में चिंता
कई किसानों का कहना है कि उन्हें रजिस्ट्री की प्रक्रिया और समयसीमा को लेकर पर्याप्त जानकारी नहीं मिली। वहीं, कुछ किसानों का मानना है कि ऑनलाइन प्रक्रिया में दिक्कतें आने के कारण वे अब तक फार्मर रजिस्ट्री पूरी नहीं कर पाए हैं।
कृषि उप निदेशक का बयान
इस मामले पर कृषि उप निदेशक भीमसेन ने कहा कि पीएम सम्मान निधि योजना का लाभ लेने के लिए फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य है। विभाग किसानों को लगातार जागरूक कर रहा है। रजिस्ट्री नहीं कराने वाले किसान योजना के लाभ से वंचित हो सकते हैं।
अब नजर सरकार और विभाग पर
जिले के किसानों की बड़ी संख्या अब भी फार्मर रजिस्ट्री से वंचित है। ऐसे में यह देखना होगा कि सरकार और विभाग कितनी तेजी से कदम उठाते हैं, ताकि सभी किसानों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।