दक्ष प्रजापति जयंती समारोह में बोले ओमप्रकाश राजभर: 2027 में सपा को नहीं मिल पाएगी 27 सीटें भी, अखिलेश यादव पर साधा निशाना
चंदौली में भागीदारी पार्टी के कार्यक्रम में पहुंचे कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने विपक्ष पर जमकर हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि 2027 में सपा को 27 सीटें भी नहीं मिलेंगी और कहा कि प्रदेश में विपक्ष की कोई जमीनी पकड़ नहीं बची है।
महाराजा भगवान दक्ष प्रजापति जयंती समारोह आयोजित
कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने विपक्ष को घेरा
2027 में सपा को 27 सीट न मिलने का दावा
अराजक तत्वों ने जंतर-मंतर पर की हिंसा
मोदी-योगी सरकार में बढ़ी पिछड़ों की भागीदारी
चंदौली जिला मुख्यालय स्थित पॉलिटेक्निक परिसर में सोमवार को भागीदारी पार्टी (पी) द्वारा महाराजा भगवान दक्ष प्रजापति जयंती समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि प्रदेश के पंचायती राज कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान भागीदारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रेमचंद प्रजापति और सुभासपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता भारी संख्या में मौजूद रहे।
2027 में सपा को नहीं मिलेगी 27 सीट, कांग्रेस का वजूद खत्म
कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने विपक्षी दलों पर तीखे राजनीतिक बाण चलाए। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि आगामी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को 27 सीटें भी हासिल नहीं हो पाएंगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में विपक्ष लड़ाई से पूरी तरह बाहर हो चुका है। सपा सत्ता के घमंड और अहंकार में अपने सभी सहयोगियों को छोड़कर अब बिल्कुल अकेली पड़ गई है, जबकि धरातल पर कांग्रेस का संगठन पूरी तरह से खत्म हो चुका है।
पुरानी सरकारों में शिक्षा और नौकरियों का होता था धंधा
जनसभा को संबोधित करते हुए ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि जो लोग आज युवाओं और शिक्षा की बात कर रहे हैं, उनके कार्यकाल में परीक्षाओं को धंधा बना दिया गया था। उन्होंने कहा कि सपा के शासनकाल में खुलेआम नकल होती थी, पैसों के दम पर हाईस्कूल और 12वीं के पेपर बेचे जाते थे और नकली सर्टिफिकेट बनाए जाते थे। राजभर ने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों में यादव और मुस्लिम के अलावा किसी अन्य वर्ग के युवाओं को नौकरियां नहीं मिलती थीं, इसलिए उन्हें शिक्षा पर बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
पेपर लीक पर सख्त कानून और जंतर-मंतर हिंसा पर बयान
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने युवाओं के भविष्य की सुरक्षा के लिए पेपर लीक को रोकने हेतु बेहद सख्त कानून बनाया है। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान हुए लाठीचार्ज पर स्पष्टीकरण देते हुए राजभर ने कहा कि लाठीचार्ज किसी छात्र पर नहीं हुआ, बल्कि पुलिस ने उन अराजक तत्वों पर कार्रवाई की है जो छात्रों की आड़ लेकर हिंसा और उपद्रव फैला रहे थे। उन्होंने कहा कि विपक्ष सिर्फ अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए माहौल खराब करने की कोशिश कर रहा है।
मोदी-योगी सरकार में बढ़ी पिछड़ों और गरीबों की हिस्सेदारी
ओमप्रकाश राजभर ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार में पिछड़े, दलित और गरीब वर्ग के लोगों की भागीदारी में ऐतिहासिक वृद्धि हुई है। उन्होंने भरोसा जताया कि जातिगत जनगणना के बाद सरकार रोहिणी आयोग की सिफारिशों के अनुसार सभी जातियों को उनके जायज अधिकार दिलाने का काम करेगी। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन चंदौली जिले की चारों सीटों पर शानदार जीत दर्ज करेगा।