चंदौली व सकलडीहा तहसील में गिरे मकान, एक की मौत और कई घायल

जिला पंचायत सदस्य रमेश यादव ने गरीबों की क्षतिपूर्ति के लिए प्रशासनिक मदद की मांग किया है। कहा कि रुक-रुक कर हो रही बारिश लोगों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। जिला प्रशासन के लोग इस मुसीबत की घड़ी में गरीबों की मदद करें।
 

गरीब बस्ती के लोगों के लिए भारी बरसात बनी कहर

एक की मौत हो गयी तथा कई घायल

इन गांवों में हुयी हैं घटनाएं

चंदौली जिले की सदर कोतवाली व सकलडीहा कोतवाली की गरीब बस्ती के लोगों के लिए भारी बरसात कहर बन कर आयी है। दोनों जगह पर हुए हादसे में एक की मौत हो गयी तथा कई घायल हैं।

बताया जा रहा है कि चंदौली जिले की सदर कोतवाली इलाके के दरवेशपुर निवासी मनई राम व कांता राम पर बीती रात बारिस कहर बनकर बरस पड़ी। इसके कारण कच्चा मकान भर-भरा कर गिर गया। इसमें कांता (45 साल) और उनका पुत्र विनोद (18 वर्ष) दीवाल में दबकर घायल हो गए। वहीं कांता की एक गाय की दबकर मर गई। वहीं दूसरी गाय बुरी तरह घायल हो गई है। जानकारी के बाद आस पास के लोगों ने किसी प्रकार बाहर निकाला और पिता पुत्र को मुख्यालय स्थित पंडित कमलापति त्रिपाठी संयुक्त जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं मनीराम बाल बाल बच गए।

मौके पर गए जिला पंचायत सदस्य रमेश यादव ने गरीबों की क्षतिपूर्ति के लिए प्रशासनिक मदद की मांग किया है। कहा कि रुक-रुक कर हो रही बारिश लोगों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। जिला प्रशासन के लोग इस मुसीबत की घड़ी में गरीबों की मदद करें।

वहीं तीन दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। गरीबों के ऊपर यह बारिश आफत बनकर टूट रही है। सकलडीहा तहसील के धानापुर थाना क्षेत्र के हिंगुतरगढ़ गांव के दलित बस्ती में बीती रात लगभग डेढ़ बजे के आस पास रिहायशी कच्चा घर गिरने के कारण मलबे में दबकर कमली (37 वर्ष) की मौत हो गई, जबकि उसकी बड़ी बहन विन्दा (40 वर्ष) बुरी तरह से घायल हो गई है। फिलहाल घायल का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। सूचना मिलते ही लेखपाल मौके पर पहुंच रहे हैं।


बताया जाए रहा है कि बीती रात गांव की दलित बस्ती की कमली देवी अपने परिवार के साथ घर में सोई थी कि आधी रात के बाद तेज हवा और पानी के कारण कच्चा मकान गिर गया, जिसमें कमली देवी व उसकी बड़ी बहन बिंदा दब गई। आनन-फानन में लोगों ने दोनों को मलबे से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी और बिन्दा देवी घायल हो गई थी।

वहीं असवरिया में झूरी पाल, रीता देवी, सुन्नर पाल, इंदु देवी, नौमी मौर्य का कच्चा मकान गिरकर धराशायी हो गया, जिससे खाद्य पदार्थ सहित अन्य सामानों का भारी नुकसान हो गया है। यही हाल पुरे चेता दुबे के गोविंद मौर्य का घर भी गिर गया है।

एक और घटना में चंदौली जनपद के बलुआ थाना क्षेत्र के पण्डितपुर (सर्वानन्दपुर ) गांव में मड़ई की दीवार गिरने से 48 वर्षीय रामदहल यादव की इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में मौत हो गयी। बताया जा रहा है कि वह अपने घर से रात में भोजन करके मवेशी बांधे मड़ई में सोने चले गये। देर रात लगातार बारिश से मिट्टी की दीवार धीरे धीरे करके ढह गयी। दीवार गिरने से वह उसी में बुरी तरह से दब गये। चीख सुनकर परिजन आए व देखा तो परिजनों में हाहाकार मच गयी।