न बंद होगा जिला अस्पताल और न ही बदलेगा अस्पताल का नाम, सांसद वीरेन्द्र सिंह की मीटिंग में आश्वासन
 

सीएमओ ने बताया कि अस्पताल में नई सुविधाएं जोड़ी जा रही हैं और अतिरिक्त डिपार्टमेंट भी शुरू किए जा रहे हैं। मरीजों को बेहतर इलाज देने के लिए दो नई एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड मशीनें लगाई जा रही हैं।
 

पंडित कमलापति संयुक्त जिला अस्पताल से जुड़ी अफवाहों पर लगा विराम

अस्पताल बंद होने की अफवाहों के बाद सांसद की मीटिंग

अधिकारियों ने सुविधाओं में होगी बढ़ोतरी का किया वायदा

चंदौली जिले में पिछले कुछ समय से चल रही उन अफवाहों पर विराम लग गया है, जिनमें कहा जा रहा था कि पंडित कमलापति संयुक्त जिला अस्पताल को बाबा कीनाराम मेडिकल कॉलेज से जोड़कर खत्म किया जा रहा है। इन खबरों से चिंतित समाजवादी पार्टी के नेताओं ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर इस मामले पर स्पष्टीकरण मांगा।

सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय में हुई बैठक में समाजवादी पार्टी के नेताओं, जिलाधिकारी, सीएमओ और प्राचार्य बाबा कीनाराम मेडिकल कॉलेज के बीच गहन चर्चा हुई। इस बैठक में सीएमओ ने साफ तौर पर कहा कि जिला अस्पताल के बंद होने की खबरों में कोई सच्चाई नहीं है। इसके विपरीत, सरकार का लक्ष्य जिला अस्पताल में सुविधाओं को बढ़ाना है, न कि इसे बंद करना।

सीएमओ ने बताया कि अस्पताल में नई सुविधाएं जोड़ी जा रही हैं और अतिरिक्त डिपार्टमेंट भी शुरू किए जा रहे हैं। मरीजों को बेहतर इलाज देने के लिए दो नई एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड मशीनें लगाई जा रही हैं। इसके साथ ही, जल्द ही एमआरआई की सुविधा भी शुरू की जाएगी, जिससे जिले के लोगों को इस महत्वपूर्ण जांच के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पहले की तरह ही मरीजों को मुफ्त इलाज और मुफ्त दवाइयां मिलती रहेंगी और इलाज के लिए पर्ची व्यवस्था भी जारी रहेगी। सीएमओ ने बताया कि जिला अस्पताल का बजट जो पहले एक करोड़ रुपये था, उसे बढ़ाकर सात करोड़ रुपये कर दिया गया है। यह राशि अस्पताल की सुविधाओं को आधुनिक बनाने और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान करने में खर्च की जाएगी।

समाजवादी पार्टी के नेताओं ने बैठक में सीएमओ को यह भी कहा कि वे जल्द से जल्द एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर जनता के सामने इन सभी बातों को रखें ताकि अफवाहें पूरी तरह खत्म हो जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सीएमओ द्वारा कही गई बातें गलत साबित होती हैं, तो समाजवादी पार्टी प्रशासन को घेरने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।

इस बैठक के बाद यह साफ हो गया है कि जिला अस्पताल का अस्तित्व बना रहेगा और आने वाले समय में यहाँ लोगों को पहले से भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ मिलेंगी।