लगन और कोहरे का डबल अटैक, कई रूटों पर 20 दिसंबर तक नहीं मिलेगा कंफर्म टिकट
दिसंबर की लगन और कोहरे का डबल अटैक
मुंबई, दिल्ली, गुवाहाटी रूट की ट्रेनों में नहीं है सीट
20 दिसंबर तक कंफर्म सीट नहीं मिलने की उम्मीद
12 जोड़ी ट्रेनों के रद्द होने से बढ़ गया और संकट
चंदौली जिले के पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से यात्रा करने के लिए आपको लंबा इंतजार करना पड़ेगा। वर्ष के अंतिम महीने दिसंबर में तेज लगन और उत्तर भारत में बढ़ते कोहरे के दोहरे प्रभाव ने रेल यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पंडित दीनदयाल उपाध्याय (पीडीडीयू) जंक्शन से होकर गुजरने वाली मुंबई, दिल्ली, कोलकाता और गुवाहाटी जैसे प्रमुख रूटों की ट्रेनों में 20 दिसंबर तक कंफर्म सीट नहीं मिल रही है, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
प्रमुख ट्रेनों में 'नो रूम' की स्थिति
लगन के कारण देश के कई लोकप्रिय गंतव्यों के लिए आरक्षित सीटों की स्थिति अत्यंत विकट हो गई है। नई दिल्ली, गुवाहाटी, उज्जैन, मुंबई और द्वारिका जैसी जगहों के लिए चलने वाली कई लोकप्रिय ट्रेनों में 20 दिसंबर तक 'नो रूम' (सीट उपलब्ध नहीं) की स्थिति बनी हुई है।
गुवाहाटी जाने के लिए डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस, लोकमान्य तिलक गुवाहाटी एक्सप्रेस, ब्रह्मपुत्र मेल और नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में 20 दिसंबर तक स्लीपर, थर्ड एसी और सेकेंड एसी सहित सभी श्रेणियों में सीट रिग्रेट (टिकट जारी नहीं हो सकता) दिखा रहा है।
दिल्ली जाने वाली तेजस राजधानी एक्सप्रेस में भी 20 दिसंबर को थर्ड एसी और सेकेंड एसी में सीट रिग्रेट है, जबकि नई दिल्ली गरीब रथ एक्सप्रेस, त्रिपुर सुंदरी एक्सप्रेस और स्यं जयंती एक्सप्रेस में भी सभी सीटें रिग्रेट की स्थिति में हैं। वहीं बाड़मेर एक्सप्रेस, नीलांचल एक्सप्रेस, नेताजी एक्सप्रेस और सीमांचल एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में भी लंबी वेटिंग लिस्ट चल रही है।
मुंबई रूट पर भी टिकट का संकट
मुंबई जाने वाली ट्रेनों में भी यात्रियों को खासी निराशा हाथ लग रही है। जनता एक्सप्रेस के स्लीपर में सीट रिग्रेट है, जबकि इकॉनोमी और थर्ड एसी में भी लंबी वेटिंग है। इसी तरह मुंबई मेल की स्लीपर, इकॉनोमी और थर्ड एसी के साथ-साथ पाटलिपुत्र एक्सप्रेस और पटना-वास्को डी गामा एक्सप्रेस में भी 20 दिसंबर तक सीट रिग्रेट की स्थिति बनी हुई है।
कोहरे के कारण 12 जोड़ी ट्रेनें रद्द
ठंड और घने कोहरे के कारण ट्रेनों के परिचालन समय को बनाए रखने के उद्देश्य से पीडीडीयू जंक्शन से होकर चलने वाली 12 जोड़ी ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। वहीं, 14 जोड़ी ट्रेनों के फेरों में कमी की गई है। हालांकि त्योहारी सीजन में चलाई गई विशेष ट्रेनें अभी भी चल रही हैं, लेकिन कोहरे के कारण ये ट्रेनें भी अत्यधिक देरी से चल रही हैं, जिससे यात्रियों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि विभाग की ओर से यात्रियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और उनकी सुविधा के लिए विशेष ट्रेनें भी चलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि विभाग की कोशिश है कि यात्रियों को कम से कम असुविधा हो।