किसानों को बड़ी राहत: अब 10 सितंबर तक करा सकेंगे फसल बीमा, प्राकृतिक आपदा से सुरक्षित करें धान की फसल
चंदौली में फसल बीमा की तारीख बढ़ी
10 सितंबर तक करा सकेंगे बीमा
जिला कृषि अधिकारी की किसानों से अपील
प्राकृतिक आपदा से मिलेगा फसल मुआवजा
टोल फ्री नंबर पर दर्ज कराएं शिकायत
चंदौली जिले के किसानों के लिए एक बेहद काम की खबर सामने आई है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ की फसलों का बीमा कराने वाले ऋणी और गैर-ऋणी किसानों को शासन ने बड़ी राहत दी है। जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव ने जानकारी दी है कि बीमा कराने की अंतिम तारीख को 31 अगस्त से बढ़ाकर अब 10 सितंबर 2026 कर दिया गया है।
इतना देना होगा प्रीमियम
जिले में बीमा कार्य के लिए एसबीआई जनरल इंश्योरेंस कंपनी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। धान, मक्का, ज्वार और बाजरा जैसी खरीफ फसलों के लिए किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) धारक किसानों को कुल बीमित राशि का केवल 2 प्रतिशत प्रीमियम जमा करना होगा। जो ऋणी किसान इस योजना में शामिल नहीं होना चाहते थे, उन्हें 24 अगस्त तक अपनी बैंक शाखा में लिखित ऑप्ट-आउट आवेदन देना था।
इन आपदाओं पर मिलेगा मुआवजा
इस बीमा योजना के तहत किसानों को व्यापक सुरक्षा दी जा रही है। सूखा, जलभराव, ओलावृष्टि, भूस्खलन, बादल फटना, आकाशीय बिजली गिरने या असफल बुवाई की स्थिति में जांच के बाद तुरंत लाभ दिया जाएगा। इसके अलावा, फसल कटाई के बाद अगर 14 दिनों तक खेत में रखी फसल बेमौसम बारिश से बर्बाद होती है, तो उसका भी मुआवजा मिलेगा।
72 घंटे में देनी होगी सूचना
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि जिले में अब तक 7,376 किसान कुल 5,176.19 हेक्टेयर क्षेत्र का बीमा करा चुके हैं। यदि किसी प्राकृतिक आपदा से फसल को नुकसान पहुंचता है, तो किसान को 72 घंटे के भीतर सूचना देनी होगी। किसान टोल-फ्री नंबर 14447 या क्रॉप इंश्योरेंस ऐप (Crop Insurance App) के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। कृषि विभाग ने अपील की है कि सभी किसान 10 सितंबर से पहले बीमा प्रक्रिया पूरी कर लें।