रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सुनी पूर्व सांसद रामकिशुन यादव की बात, GM को दिए सड़कों की जांच और निर्माण के निर्देश

 

मुगलसराय रेलवे जंक्शन और आसपास की जर्जर सड़कों की किस्मत अब बदलने वाली है। पूर्व सपा सांसद रामकिशुन यादव की रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से बात के बाद पूर्व मध्य रेलवे हरकत में आ गया है। माल गोदाम रोड सहित अन्य सड़कों के निर्माण व गुणवत्ता की जांच के कड़े निर्देश जारी किए गए हैं।

 
 

पूर्व सांसद रामकिशुन यादव और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के बीच फोन पर बात

माल गोदाम रोड पर 2.5 किलोमीटर रेलवे की जर्जर सड़क का काम जारी

काम करने वाली कंस्ट्रक्शन कंपनी को अच्छा काम करने का निर्देश

2 और सड़कों की मरम्मत की उठायी मांग

चंदौली जिले के मुगलसराय स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेलवे जंक्शन और इसके आसपास रहने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है। क्षेत्र की सालों पुरानी जर्जर सड़कों की समस्या को लेकर पूर्व समाजवादी पार्टी सांसद रामकिशुन यादव ने भारत सरकार के रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से बात की है। रेल मंत्री ने इस मुद्दे को बेहद गंभीरता से लिया और तुरंत पूर्व मध्य रेलवे (ECR) के महाप्रबंधक (GM) को पूर्व सांसद से संपर्क कर समस्या के समाधान का निर्देश दिया।

फोन पर हुई बात, तुरंत शुरू हुआ माल गोदाम रोड का काम
'चंदौली समाचार' से खास बातचीत करते हुए पूर्व सांसद रामकिशुन यादव ने बताया कि उन्होंने 9 सितंबर को रेल मंत्री से संपर्क करने की कोशिश की थी। इसके बाद 11 सितंबर को खुद रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उन्हें कॉल बैक किया और रेलवे की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। बातचीत के तुरंत बाद पूर्व मध्य रेलवे के जीएम ने पूर्व सांसद से फोन पर बात कर पूरे रेलवे परिसर क्षेत्र की सड़कों और अन्य समस्याओं की जानकारी ली। इसका असर यह हुआ कि माल गोदाम रोड को पूरी तरह से नया बनाने का काम शुरू कर दिया गया है।

गुणवत्ता और ईमानदारी से बने सड़क, पूर्व सांसद ने रखी मांग
रामकिशुन यादव ने स्पष्ट किया कि माल गोदाम रोड चहनिया तक जाती है, जिसमें रेलवे के अधिकार क्षेत्र में ढाई किलोमीटर का हिस्सा आता है। रेलवे ब्रिज से पटपरा तक की सड़क रेलवे को बनानी होती है, जबकि पटपरा से चहनिया तक का हिस्सा राज्य सरकार के पास है। रेलवे के क्षेत्र वाली सड़क सालों से बदहाल थी, जिससे शास्त्री कॉलोनी और आरपीएफ कॉलोनी में आने-जाने वाले लोगों को काफी दिक्कतें होती थीं। अब निर्माण शुरू होने पर पूर्व सांसद ने जीएम से कहा है कि कंस्ट्रक्शन कंपनी को सख्त निर्देश दिए जाएं ताकि स्वीकृत बजट का सही इस्तेमाल हो और सड़क टिकाऊ बने।

अन्य दो प्रमुख सड़कों की मरम्मत की भी उठाई मांग
पूर्व सांसद ने रेल प्रशासन का ध्यान दो और बेहद जरूरी सड़कों की ओर आकर्षित कराया ताकि रेलवे के साथ-साथ आसपास के गांवों को फायदा हो सके। पहली सड़क डीआरएम ऑफिस से सिकटिया-रामनगर रोड है। यह सड़क कई गांवों को जोड़ती है और सालों से बदहाल है। इसे प्राथमिकता के आधार पर बनाया जाए।

इसके अलावा लोको रोड है, जो गंजी प्रसाद चौराहा से इंडस्ट्रियल एरिया फेज 2 तक जाती है। यह सड़क गंजी प्रसाद चौराहे से लोको हॉस्पिटल, परशुरामपुर और जफरपुरवा होते हुए इंडस्ट्रियल एरिया तक जाती है। इसे भी दुरुस्त करने की सख्त जरूरत है।

विपक्ष की बात सुनने पर रेल मंत्री का जताया आभार
सपा नेता रामकिशुन यादव ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और जीएम रेलवे का धन्यवाद करते हुए कहा कि विपक्ष के नेताओं की जायज मांगों पर गंभीरता से विचार करना लोकतंत्र के लिए अच्छी बात है। इससे मुगलसराय जंक्शन के आसपास की सालों पुरानी समस्याओं का समाधान होने की उम्मीद जगी है। अब देखना यह होगा कि रेल अधिकारी और ठेकेदार कितनी ईमानदारी से इन सड़कों का निर्माण पूरा करते हैं।