परेड में ट्रैफिक पुलिस, डॉयल 112, महिला पुलिस का दिखा जलवा, 17 टीमों ने कदम से कदम मिलाकर की परेड

चंदौली जिले में गणतंत्र दिवस के मौके पर पुलिस द्वारा महेन्द्र पॉलिटेक्निक ग्राउंड में भव्य परेड का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि भारी उद्योग मंत्री डॉ. महेन्द्र नाथ पाण्डेय की गरिमामयी उपस्थिति रही।
 

26 जनवरी पर 'स्पेशल गेस्ट' बने  स्वतन्त्रता संग्राम सेनानी के परिवार

 शहीद सैनिकों के परिवार का हुआ सम्मान

पुलवामा में शहीद सीआरपीएफ के जवान के परिजनों का सम्मान

 पुलिसकर्मियों का भी हुआ सम्मान

 

चंदौली जिले में गणतंत्र दिवस के मौके पर पुलिस द्वारा महेन्द्र पॉलिटेक्निक ग्राउंड में भव्य परेड का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि भारी उद्योग मंत्री डॉ. महेन्द्र नाथ पाण्डेय की गरिमामयी उपस्थिति रही। माननीय मंत्री डॉ. महेन्द्र नाथ पाण्डेय ने ध्वजारोहण किया तथा राष्ट्रीय ध्वज को नमन करते हुए परेड की सलामी ली गयी।

 तत्पश्चात मुख्य अतिथि के साथ डॉ. अनिल कुमार पुलिस अधीक्षक चन्दौली व प्रथम परेड कमाण्डर सीओ रघुराज द्वारा परेड का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के उपरान्त सम्पूर्ण परेड द्वारा हर्ष फायरिंग की कार्यवाही की गयी। इसके बाद कुल 6 टोलियों सहित पैंथर दस्ता (मोटरसाइकिल), रेडियो संचार प्रणाली दस्ता, बुलेटप्रूफ दस्ता, यूपी-112, फील्ड यूनिट, बज्र वाहन,फायर सर्विस,एसओजी टीम,डाग स्क्वॉड, एंटी रोमियों दस्ता, महिला कल्याण विभागवार, ग्राम्य विकास विभाग ने परेड में हिस्सा लिया। 

परेड का नेतृत्व प्रथम कमांडर के रूप में सीओ सकलडीहा रघुराज, द्वितीय कमांडर के रूप में उपनिरीक्षक सत्येन्द्र कुमार, तृतीय कमांडर के रूप में उपनिरीक्षक राधाकृष्ण यादव द्वारा किया गया। सम्पूर्ण परेड द्वारा प्रथम परेड कमाण्डर रघुराज के नेत्तृत्व में मार्च कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देते हुए देशभक्ति धुन पर मंच के सामने से गुजरी।  परेड ग्राउण्ड में उपस्थित सभी जनमानस व अधिकारी,कर्मचारीगण  द्वारा तालियों से हौसला बढ़ाया गया। 

इस मौके पर मुख्य अतिथि द्वारा कर्तव्य और निष्ठा की शपथ दिलाई गयी तथा परेड में शामिल सभी परेड कमाण्डर से हाथ मिलाकर शुभकामनाएं दी गयी। 

परेड के समापन के पश्चात पुरस्कार वितरण प्रक्रिया के क्रम में सर्वश्रेष्ठ परेड कमाण्डर के रूप में प्रथम कमांडर रघुराज क्षेत्राधिकारी सकलडीहा, द्वितीय कमांडर, उपनिरीक्षक सत्येन्द्र कुमार, तृतीय कमांडर उपनिरीक्षक राधाकृष्ण यादव को पुरस्कृत किया गया। सर्वश्रेष्ठ परेड कमाण्डर का पुरस्कार क्रमशः (प्रथम पुरस्कार) टोली नं.- 05 के कमाण्डर उपनिरीक्षक पुष्पेन्द्र कुमार, (द्वितीय पुरस्कार) टोली नं.- 04 की महिला टोली कमाण्डर महिला उप निरीक्षक पूजा कौर व (तृतीय पुरस्कार) टोली नं.- 01 के परेड कमाण्डर उपनिरीक्षक धर्मदेव को प्रदान किया गया।

इसी क्रम में मुख्य आराक्षी राम नरायन पाण्डेय (पुलिस लाइन) को उत्कृष्ठ सेवा पदक से सम्मानित किया गया।  तत्पश्चात् विभिन्न स्कूलों के बालक- बालिकाओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति की गयी। 

तत्पश्चात मुख्य अतिथि भारी उद्योग मंत्री डॉ. महेन्द्र नाथ पाण्डेय द्वारा पुलिस अधीक्षक चन्दौली डॉ. अनिल कुमार के नेत्तृत्व में पुलवामा में शहीद सीआरपीएफ के रेडियो ऑपरेटर मुख्य आरक्षी स्व. अवधेश यादव के परिजन हरिकेश लाल को सम्मानित किया गया तथा मुख्य अतिथि ने यह आवश्वासन दिया कि शासन-प्रशासन सदैव आपके साथ है। देश पर प्राण न्यौछावर करने वाले जवान को हम सभी नमन करते हैं। इसके साथ ही स्वतंत्रता संग्राम सेनानी व पुलिस विभाग के शहीद आश्रितों के परिजनों को सम्मानित किया गया। 

पुलिस अधीक्षक चन्दौली डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि शहीद के परिजनों से वार्ता कर कहा कि किसी भी समस्या के होने पर आप सदैव हमसे सम्पर्क कर सकते हैं तथा इसके लिए जनपदीय सोशल मीडिया सेल में एक ह्वाट्सएप ग्रुप बनाया गया है। उस ग्रुप के माध्यम से आप अपनी समस्या मेरे समक्ष रख सकते हैं। प्राप्त समस्याओं का संबंधित अधिकारियों के माध्यम से निराकरण किया जायेगा।