विधानसभा चुनाव की बिसात: संजीव सिंह के आवास पर जुटे दिग्गज, सांसद और विधायक की मौजूदगी में हुआ बड़ा शक्ति प्रदर्शन
सैयदराजा विधानसभा सीट से सपा के संभावित दावेदार संजीव सिंह ने अपने आवास पर एक भव्य भोज का आयोजन किया। इसमें सांसद वीरेंद्र सिंह और विधायक प्रभु नारायण यादव समेत भारी संख्या में वोटरों की भीड़ जुटी।
विधानसभा चुनाव की सुगबुगाहट तेज
संजीव सिंह का बड़ा शक्ति प्रदर्शन
भोज पार्टी में पहुंचे सांसद-विधायक
2027 में सपा सरकार का लक्ष्य
चंदौली जिले में आगामी विधानसभा चुनाव की सुगबुगाहट के साथ ही सियासी पारा तेजी से चढ़ने लगा है। टिकट की आस लगाए विभिन्न दलों के संभावित दावेदारों ने अब जमीनी स्तर पर अपनी ताकत झोंकना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में सैयदराजा विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के मजबूत दावेदार और सकलडीहा के पूर्व ब्लॉक प्रमुख संजीव सिंह ने अपने आवास पर एक विशाल भोज कार्यक्रम का आयोजन किया।
इस आयोजन को आगामी चुनाव के मद्देनजर संजीव सिंह के बड़े शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है। इसमें सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र के हजारों समर्थकों, स्थानीय ग्रामीणों और समाजवादी पार्टी के दिग्गज नेताओं का जमावड़ा लगा, जिससे चुनावी माहौल पूरी तरह गरमा गया।
पार्टी में अनुशासन सर्वोपरि, हमारा लक्ष्य 2027 में सरकार बनाना: संजीव सिंह
भोज कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए पूर्व ब्लॉक प्रमुख संजीव सिंह ने खुलकर अपनी राजनीतिक इच्छा जाहिर की। उन्होंने साफ कहा कि वह सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के टिकट के प्रबल दावेदार हैं और लंबे समय से जनता के बीच रहकर उनकी सुख-दुख और समस्याओं को मजबूती से उठाते आ रहे हैं।
हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि टिकट देने का अंतिम फैसला राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का ही होगा। संजीव सिंह ने कहा, "समाजवादी पार्टी में अनुशासन सबसे ऊपर है। राष्ट्रीय अध्यक्ष जी जिस किसी को भी उम्मीदवार बनाकर भेजेंगे, हम सभी कार्यकर्ता पूरी ताकत से उसे जिताने का काम करेंगे। हमारा असली लक्ष्य वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाना है।"
सपा सांसद और विधायकों का लगा तांता, बूथ मजबूत करने का संकल्प
संजीव सिंह द्वारा आयोजित इस महाभोज में समाजवादी पार्टी के चंदौली सांसद वीरेंद्र सिंह, सकलडीहा से विधायक प्रभु नारायण यादव और सपा के जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर समेत पार्टी के कई शीर्ष पदाधिकारी और जमीनी कार्यकर्ता मौजूद रहे। मंच से सभी बड़े नेताओं ने आगामी चुनाव के लिए कमर कसने की बात कही।
नेताओं ने कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए आह्वान किया कि वे संगठन को और अधिक धारदार बनाएं। चुनाव जीतने के लिए सबसे जरूरी है कि बूथ स्तर तक जाकर पार्टी को सक्रिय किया जाए और जनता को सपा की नीतियों से जोड़ा जाए।
सैयदराजा सीट का दिलचस्प इतिहास, दिग्गजों के बीच कांटे की टक्कर के आसार
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भले ही विधानसभा चुनाव में अभी थोड़ा समय है, लेकिन संभावित उम्मीदवारों की इस सक्रियता ने मतदाताओं को अपनी ओर खींचना शुरू कर दिया है। सैयदराजा विधानसभा का चुनावी इतिहास हमेशा से बेहद दिलचस्प रहा है।
वर्तमान में इस सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का कब्जा है, जहां से सुशील सिंह लगातार चुनाव जीतकर विधायक हैं। वहीं दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव और पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू साल 2012 में यहां से विधायक चुने गए थे, लेकिन उसके बाद से उन्हें लगातार हार का सामना करना पड़ा है। अब संजीव सिंह की इस नई और मजबूत दावेदारी ने सैयदराजा की चुनावी जंग को और भी रोचक बना दिया है।