विवेचना करने की जगह लड़की से खुद बतियाने लगे दरोगा जी, दरोगा अभिमन्यु राय हो गए सस्पेंड
चंदौली के सकलडीहा में विवेचना में लापरवाही और नाबालिग से फोन पर बातचीत के आरोप में SP आकाश पटेल ने दरोगा अभिमन्यु राय को तुरंत निलंबित कर दिया है। पूरी खबर पढ़ें...
चंदौली में दरोगा पर गिरी गाज
SP आकाश पटेल ने किया निलंबित
सकलडीहा में विवेचना में लापरवाही का आरोप
नाबालिग से बातचीत पर परिजनों ने जताई आपत्ति
जांच के बाद दरोगा के खिलाफ एक्शन
चंदौली जिले में पुलिस विभाग के भीतर अनुशासनहीनता और लापरवाही के खिलाफ बड़ी कार्रवाई देखने को मिली है। विवेचना में गंभीर लापरवाही बरतने के आरोप में पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने सकलडीहा कोतवाली में तैनात सब-इंस्पेक्टर अभिमन्यु राय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। परिजनों द्वारा दरोगा की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए जाने और पुलिस अधीक्षक से शिकायत किए जाने के बाद यह सख्त कदम उठाया गया है।
ट्रेन से बरामद कर परिजनों को सौंपी गई थी नाबालिग
पूरा मामला सकलडीहा कस्बे से जुड़ा हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार, कस्बे की रहने वाली एक नाबालिग लड़की बीते 27 अगस्त को ट्रेन में सवार होकर घर छोड़कर अपने प्रेमी के पास जा रही थी। सूचना मिलते ही सकलडीहा पुलिस तुरंत एक्टिव हुई और मध्य प्रदेश के सतना के पास ट्रेन से बालिका को सकुशल बरामद कर लिया गया था। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए लड़की को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया था।
परिजनों ने दरोगा पर लगाए फोन पर बातचीत के गंभीर आरोप
बरामदगी के कुछ दिनों बाद नाबालिग और संबंधित युवक के बीच दोबारा मोबाइल पर बातचीत का सिलसिला शुरू हो गया। इसकी जानकारी मिलने पर परेशान परिजन सकलडीहा कोतवाली पहुंचे और युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, जिसकी जांच और विवेचना दरोगा अभिमन्यु राय को सौंपी गई थी। परिजनों का आरोप है कि विवेचना के दौरान दरोगा खुद नाबालिग से फोन पर बातचीत करने लगा। परिजनों ने इस पर कड़ी नाराजगी जताई और लड़की का मोबाइल अपने पास रख लिया।
लड़की के दोबारा घर छोड़ने के बाद SP से हुई शिकायत
इसके कुछ समय बाद ही बालिका के दोबारा घर छोड़कर चले जाने की बात सामने आई। इससे परेशान और उग्र परिजनों ने सीधे पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल से मिलकर दरोगा की शिकायत की और पूरी कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए। मामला गंभीर होने के कारण SP ने इसकी तुरंत जांच कराई। प्रथम दृष्टया दरोगा अभिमन्यु राय की लापरवाही साबित होने पर उन्हें तुरंत सस्पेंड कर दिया गया।
मामले में कार्रवाई के बारे में सकलडीहा थानाध्यक्ष भूपेंद्र निषाद ने पुष्टि करते हुए बताया कि लापरवाही पर यह विभागीय कार्रवाई की गई है।