बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए सपा विधायक ने सौंपा ज्ञापन, रखीं आधा दर्जन से अधिक मांगें
 

बांधों से छोड़े गए पानी के कारण तटवर्ती इलाकों में फसलें नष्ट हो गईं, सैकड़ों घरों को नुकसान पहुंचा है और लोग खुले आसमान के नीचे जीवन जीने को मजबूर हैं।
 

बाढ़ पीड़ितों की समस्याओं को लेकर सपा प्रतिनिधिमंडल ने सौंपा ज्ञापन

राहत कार्यों में तेजी लाने की मांग

पार्टी के जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर भी रहे मौजूद

चंदौली जनपद में बाढ़ से उत्पन्न स्थिति को लेकर समाजवादी पार्टी सक्रिय हो गई है। सोमवार को पार्टी के जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर और सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग से मिलकर बाढ़ पीड़ितों की समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा और तत्काल राहत कार्य शुरू करने की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि जिले में गंगा, चंद्रप्रभा, गड़ई और कर्मनाशा नदियों के उफान से दर्जनों गांव बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। बांधों से छोड़े गए पानी के कारण तटवर्ती इलाकों में फसलें नष्ट हो गईं, सैकड़ों घरों को नुकसान पहुंचा है और लोग खुले आसमान के नीचे जीवन जीने को मजबूर हैं।

सपा नेताओं ने ज्ञापन के माध्यम से निम्न प्रमुख मांगें रखीं:--

  1. बाढ़ प्रभावित गांवों में तत्काल राहत सामग्री पहुंचाई जाए।
  2. फसलों के नुकसान का सर्वे कर उचित मुआवजा दिया जाए।
  3. जिन लोगों के कच्चे मकान गिर गए हैं, उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्के मकान दिए जाएं।
  4. बिजली व्यवस्था बहाल की जाए जहां बाढ़ के चलते सप्लाई काटी गई है।
  5. आवागमन बाधित क्षेत्रों में नावों की व्यवस्था की जाए।
  6. मेडिकल कैंप लगाकर ग्रामीणों की स्वास्थ्य सेवाओं का ध्यान रखा जाए।
  7. पशुओं के चारे की व्यवस्था की जाए क्योंकि बाढ़ में अधिकांश चारा नष्ट हो गया है।

इस मौके पर विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव ने जिलाधिकारी से बाढ़ पीड़ितों के साथ किसी भी प्रकार के भेदभाव से परहेज करने की सख्त मांग की। उन्होंने कहा, “अगर जरूरत पड़ी, तो समाजवादी पार्टी पीड़ितों के साथ खड़ी होकर आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगी।” उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि कुछ अधिकारी बाढ़ जैसी आपदा को अवसर बना रहे हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।

इस दौरान सपा नेता चंद्रशेखर यादव, संतोष यादव, नफीस अहमद गुड्डू, अशोक कुमार तिवारी छोटू समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे। सभी ने एक सुर में प्रशासन से मांग की कि पीड़ितों की बिना देरी के मदद की जाए, ताकि वे इस संकट से उबर सकें।

सपा ने यह भी अपील की कि सरकार और स्थानीय प्रशासन राजनीतिक भेदभाव से ऊपर उठकर जनहित में काम करें, क्योंकि बाढ़ पीड़ितों की पीड़ा किसी एक दल की नहीं बल्कि पूरे समाज की समस्या है।