चंदौली में सुभासपा में बड़ी बगावत, चुनाव से पहले ओमप्रकाश राजभर को बड़ा झटका, दर्जनों पदाधिकारियों ने लगाए गंभीर आरोप
चंदौली और वाराणसी मंडल में सुभासपा के दर्जनों पदाधिकारियों ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। बागी नेताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर पर समाज की अनदेखी और परिवारवाद के आरोप लगाए हैं।
चंदौली में सुभासपा पदाधिकारियों का सामूहिक इस्तीफा
ओमप्रकाश राजभर पर परिवारवाद के गंभीर आरोप
वाराणसी मंडल के कई बड़े नेता बागी
राजभर समाज को मोहरा बनाने का आरोप
2027 विधानसभा चुनाव में सबक सिखाने की चेतावनी
चंदौली जिले में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) के भीतर चल रही अंदरूनी कलह अब खुलकर सड़क पर आ गई है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के खिलाफ उन्हीं के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोल दिया है। वाराणसी मंडल के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों समेत दर्जनों कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय नेतृत्व की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। एक साथ इतने बड़े पैमाने पर हुए इस्तीफों से पूर्वांचल की राजनीति और सुभासपा संगठन में हड़कंप मच गया है।
चंदौली में सुभासपा में बगावत: ओमप्रकाश राजभर पर परिवारवाद और समाज की अनदेखी का आरोप लगाकर दर्जनों नेताओं ने दिया इस्तीफा...#chandauli #chandaulinews #chandaulisamachar #Chandaulilive #चंदौलीसमाचार #चंदौली #चंदौलीन्यूज pic.twitter.com/E9u9Uvi3rq
— Chandauli Samachar (@chandaulinews) November 14, 2026
समाज को राजनीतिक मोहरा बनाने का आरोप
पार्टी छोड़ने वाले नेताओं में शामिल वाराणसी मंडल के प्रमुख महासचिव दीपक राजभर और पूर्व जिलाध्यक्ष बबलू राजभर ने राष्ट्रीय अध्यक्ष पर सीधा हमला बोला है। बागी पदाधिकारियों का आरोप है कि ओमप्रकाश राजभर अपने ही समाज के लोगों का इस्तेमाल केवल एक राजनीतिक मोहरे के रूप में कर रहे हैं। उनका कहना है कि समाज के असली मुद्दों और जमीनी समस्याओं को पूरी तरह नजरअंदाज किया जा रहा है। राजभर बिरादरी की भीड़ जुटाकर केवल व्यक्तिगत और राजनीतिक लाभ के लिए सौदेबाजी की जा रही है, जिससे कार्यकर्ताओं में भारी रोष है।
परिवारवाद और कार्यकर्ताओं की अनदेखी से नाराजगी
इस्तीफा देने वाले कार्यकर्ताओं का कहना है कि उन्होंने वर्षों तक खून-पसीना बहाकर पार्टी को खड़ा किया, लेकिन आज उनकी मेहनत और समर्पण को कोई सम्मान नहीं मिल रहा है। बागी नेताओं ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का सारा ध्यान केवल अपने परिवार और बच्चों को राजनीति में आगे बढ़ाने और स्थापित करने पर लगा है। जमीनी स्तर पर काम करने वाले नेताओं की आवाज ऊपर तक नहीं पहुंच रही है, जिसके कारण संगठन के भीतर घुटन का माहौल बन गया है और लोग पार्टी छोड़ने को मजबूर हैं।
मूल उद्देश्यों से भटक गई है पार्टी
पदाधिकारियों के अनुसार, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी का गठन पिछड़े समाज के हक, सामाजिक न्याय और अधिकारों की लड़ाई लड़ने के लिए किया गया था। बागी नेताओं का आरोप है कि आज वे सभी बुनियादी मुद्दे हाशिये पर चले गए हैं। जिन मांगों को लेकर कभी बड़े आंदोलन किए जाते थे, वे अब केवल दिखावा बनकर रह गई हैं। कार्यकर्ताओं का मानना है कि पार्टी अपने मूल सिद्धांतों और उद्देश्यों से पूरी तरह भटक चुकी है, जिसका खामियाजा संगठन को उठाना पड़ रहा है।
2027 विधानसभा चुनाव को लेकर दी खुली चेतावनी
बगावत का बिगुल फूंकने वाले इन नेताओं ने आगामी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर भी बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनाव में राजभर समाज अपनी असली राजनीतिक ताकत का एहसास कराएगा। बागी पदाधिकारियों ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि समाज के लोग अब जागरूक हो चुके हैं और वे चुनाव में ओमप्रकाश राजभर को उनकी राजनीतिक हैसियत दिखाने का काम करेंगे।
इन प्रमुख पदाधिकारियों ने दिया सामूहिक त्यागपत्र
वाराणसी मंडल में इस्तीफों का यह सिलसिला अभी थमता नजर नहीं आ रहा है। त्यागपत्र देने वालों में पूर्व जिलाध्यक्ष एवं मंत्री प्रतिनिधि बबलू राजभर, वाराणसी मंडल प्रमुख महासचिव दीपक राजभर, मंडल महासचिव रामचंद्र राजभर, मंडल संगठन मंत्री शंकर राजभर, मंडल उपाध्यक्ष संजय राजभर और अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष रामाश्रय गोंड प्रमुख हैं।
इनके अलावा मनीष राजभर, दीपक राम, शिवपूजन राजभर, जितेंद्र राजभर, भानु राजभर, अक्षय राजभर, वीरेंद्र राजभर, अमित राजभर, अनिल राजभर और बिंदु बाला समेत कई अन्य कार्यकर्ताओं ने भी पार्टी छोड़ दी है। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि राष्ट्रीय नेतृत्व इस डैमेज कंट्रोल के लिए क्या कदम उठाता है।