अब अस्पतालों पर छापा मारने निकले रहे हैं SDM साहब, आधा दर्जन जगहों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई
SDM अनुपम मिश्रा का निजी अस्पतालों पर छापा
छापे की भनक लगते ही कई अस्पताल संचालक मौके से हुए फरार
SDM बोले -रिपोर्ट आने के बाद होगी कड़ी कार्रवाई
चंदौली जिले के पीडीडीयू नगर उपजिलाधिकारी अनुपम मिश्रा के नेतृत्व में बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने निजी अस्पतालों पर बड़ी कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार, अचानक हुए इस छापे से अस्पताल संचालकों में हड़कंप मच गया। कई अस्पताल संचालक मौके से फरार हो गए।
इस दौरान एसडीएम अनुपम मिश्रा ने बताया कि आयुष हेल्थ केयर, रिया चाइल्ड केयर, पुष्प देवी अस्पताल और केयर हॉस्पिटल पर छापा मारा गया। इस दौरान अस्पतालों की व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की गई। जांच में कई तरह की खामियां सामने आई हैं। प्राथमिक तौर पर अस्पतालों में रजिस्ट्रेशन, उपकरणों की स्थिति, दवाओं की उपलब्धता, स्वच्छता और स्टाफ की मौजूदगी पर सवाल खड़े हुए। एसडीएम ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। छापेमारी के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौजूद रही और पूरे प्रकरण की रिपोर्ट तैयार की गई है। बताया गया कि रिपोर्ट मिलने के बाद इन अस्पतालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से कई निजी अस्पताल मनमानी तरीके से संचालित हो रहे हैं। कई बार मरीजों और उनके परिजनों को शिकायत रही है कि यहां न तो पर्याप्त चिकित्सक उपलब्ध रहते हैं और न ही आपातकालीन सुविधाएं।
एसडीएम अनुपम मिश्रा ने स्पष्ट किया कि जांच में दोषी पाए जाने वाले अस्पतालों को बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन की इस कार्रवाई से इलाके के अन्य अस्पताल संचालकों में भी हड़कंप का माहौल है। लोगों को उम्मीद है कि इस कदम से स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होगा और मरीजों को राहत मिलेगी।