शहाबगंज में डीएम-एसपी की संयुक्त अध्यक्षता में समाधान दिवस संपन्न, सार्वजनिक गली बंद करने समेत चार शिकायतें दर्ज
DM बोले-जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान हो
सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण की शिकायतों पर तत्काल जाँच के दिए निर्देश
लापरवाही न बरतने की अफसरों को सख्त चेतावनी
चंदौली जिले के शहाबगंज थाने पर शासन की मंशा के अनुरूप जनता की समस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु शनिवार को शहाबगंज थाना परिसर में समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी (DM) चन्द्र मोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक (SP) आदित्य लांग्हे की संयुक्त अध्यक्षता में संपन्न हुए इस कार्यक्रम में अधिकारियों ने लोगों की फरियादें सुनीं और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
समाधान दिवस पर कुल चार प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें मुख्य रूप से भूमि विवाद और सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण से संबंधित शिकायतें थीं।
सार्वजनिक गली और सरकारी जमीन पर कब्जे की शिकायतें
चारों प्रार्थना पत्रों में से एक किडिहीरा गांव निवासी दीपक कुमार द्वारा दिया गया था। दीपक कुमार ने अपने आवेदन में गांव के ही विपक्षी राम जीत राम पर गंभीर आरोप लगाया कि उन्होंने गांव की सार्वजनिक गली को बंद कर दिया है, जिससे आम लोगों का आवागमन बाधित हो गया है।
अन्य शिकायतें भी भूमि विवाद से संबंधित थीं:---
केरायगांव के एक आवेदक ने अपनी जमीन पर कब्जे होने की शिकायत की।
केरायगांव के ही समीउल्लाह ने गांव समाज की जमीन पर कब्जे के सम्बन्ध में प्रार्थना पत्र दिया।
शहाबगंज के राम भरत ने हरिजन आबादी की पैमाइश व अतिक्रमण हटाने के सम्बन्ध में प्रार्थना पत्र दिया।
लापरवाही न बरतने की सख्त चेतावनी
प्राप्त शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग ने तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने सार्वजनिक गली बंद किए जाने के मामले को विशेष गंभीरता से लिया और क्षेत्रीय लेखपाल को तत्काल जांच कर कार्रवाई करने का आदेश दिया। डीएम ने स्पष्ट कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए तथा किसी भी मामले में लापरवाही न बरती जाए।
वहीं, पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने भी संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस प्रकार के विवादों में शीघ्र हस्तक्षेप कर निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित किया जाए ताकि जनता का प्रशासन पर विश्वास बना रहे।
समाधान दिवस के दौरान नायब तहसीलदार आरिफ अंसारी, थाना प्रभारी अशोक कुमार मिश्र, उप निरीक्षक संगम दुबे, रामचंद्र शाही, प्रेम सिंह, लेखपाल सुनील पांडेय, धनंजय जायसवाल सहित राजस्व और पुलिस विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।