मिशन 2027 के लिए सकलडीहा में सपा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव ने झोंकी ताकत, कार्यकर्ताओं में भरा जोश
सकलडीहा विधानसभा सीट से सपा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव ने चुनाव को लेकर माहौल बनाना शुरू कर दिया है। उन्होंने पीडीए जन-जागरण बैठक कर कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर जुटने की अपील की है।
सकलडीहा में पीडीए जन-जागरण बैठक
विधायक प्रभुनारायण सिंह की सक्रियता
मिशन 2027 को सफल बनाने का संकल्प
भाजपा सरकार की नीतियों का विरोध
चंदौली जिले के सकलडीहा विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव ने साल 2027 के विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव की सरकार बनवाने के लिए जमीनी स्तर पर माहौल बनाना तेज कर दिया है। इसी सिलसिले में गुरुवार 18 जून को विधायक ने क्षेत्र के सेक्टर दिनदासपुर और सेक्टर मनिहरा में आयोजित 'पीडीए (PDA) जन-जागरण बैठकों' में मुख्य रूप से शिरकत की। यहाँ उन्होंने पार्टी के स्थानीय नेताओं और सम्मानित कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन की मजबूती पर गहन चर्चा की।
डबल इंजन सरकार की नाकामी जनता को बताएंगे
बैठकों को संबोधित करते हुए विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे मोदी-योगी की भाजपा सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ जनता के बीच माहौल तैयार करें। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता लोगों को भाजपा की डबल इंजन सरकार की नाकामियां याद दिलाएं और साथ ही पूर्व की अखिलेश सरकार के ऐतिहासिक जनहितकारी कार्यों व नीतियों को घर-घर तक पहुंचाएं।
पीडीए की एकजुटता से बदलेगी सत्ता
विधायक ने जोर देकर कहा कि पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक (PDA) वर्ग की एकजुटता ही सामाजिक बदलाव और मजबूत लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। बैठक में सामाजिक न्याय, समान भागीदारी और संविधान की रक्षा का संकल्प दोहराया गया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को मिशन 2027 की सफलता के लिए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का मंत्र दिया। इस दौरान क्षेत्रवासियों से मिले अपार समर्थन को विधायक ने अपनी असली ऊर्जा बताया।