सांसद वीरेंद्र सिंह बोले- देशहित में नहीं अपने व्यापारी दोस्तों के फायदे के लिए चीन गए थे मोदीजी
प्रधानमंत्री मोदी पर सपा सांसद वीरेंद्र सिंह का बड़ा हमला
चीन से दोस्ती देशहित में नहीं
व्यापारियों को फायदा पहुंचाने के लिए चीन गए थे प्रधानमंत्री
चंदौली जिले से समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद वीरेंद्र सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बड़ा हमला करते हुए आरोप लगाया है कि उनकी चीन से दोस्ती देश के हित में नहीं, बल्कि दो बड़े व्यापारियों को फायदा पहुंचाने के लिए है। यह बात उन्होंने कलेक्ट्रेट में बाढ़ पीड़ितों की समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी से मिलने के बाद मीडिया से कही।
'गलवान घाटी की घटना भूल गए प्रधानमंत्री?'
सांसद वीरेंद्र सिंह ने हाल ही में चर्चा में आए 'ऑपरेशन सिंदूर' का जिक्र करते हुए कहा कि जब भाजपाई इसका ढिंढोरा पीट रहे हैं, तब उन्हें यह याद रखना चाहिए कि इस ऑपरेशन के दौरान पाकिस्तान के अलावा चीन भी भारत का शत्रु था। उन्होंने गलवान घाटी की घटना का हवाला देते हुए कहा कि चीनी सैनिकों ने भारतीय सैनिकों की हत्या की थी, लेकिन इसके बावजूद प्रधानमंत्री मोदी ने साबरमती में चीनी राष्ट्रपति को झूला झुलाया।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री केवल दो व्यापारियों को लाभ पहुंचाने के लिए देश की गरिमा और जनता की मर्यादा के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब संसद का सत्र चलेगा तो वह इस संबंध में सवाल भी पूछेंगे। सांसद ने कहा, "प्रधानमंत्री को कौन मित्र है और कौन शत्रु है इसकी समझ नहीं है।"
'नोटबंदी के समय मां की याद नहीं आई?'
सांसद वीरेंद्र सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा बिहार में अपनी मां को गाली दिए जाने वाले बयान पर भी तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नोटबंदी के दौरान राजनीतिक लाभ के लिए अपनी बूढ़ी मां को लाइन में खड़ा करवाकर पैसा निकलवाए थे, तब उन्हें अपनी मां की याद नहीं आई थी।
सपा सांसद ने कहा कि ये सब चुनावी हथकंडे हैं और जनता अब सब कुछ समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और एनडीए गठबंधन ने जिस तरह से 'वोट की चोरी' का खुलासा किया है, उससे यह साफ हो गया है कि वे जनता को मूर्ख बनाना चाहते थे। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनावों में जनता उन्हें सबक सिखाएगी।