बहेरी में सपा के पिछड़ा प्रकोष्ठ कार्यालय का हुआ भव्य उद्घाटन, 2027 में अखिलेश यादव को CM बनाने के लिए गांव-गांव होगा जनसंपर्क 

 

चंदौली के बहेरी गांव में सपा पिछड़ा प्रकोष्ठ कार्यालय के उद्घाटन पर सांसद वीरेंद्र सिंह ने भाजपा को आड़े हाथों लिया। उन्होंने 2027 में सपा सरकार बनाने का आह्वान किया।

 
 

बहेरी में सपा पिछड़ा प्रकोष्ठ कार्यालय उद्घाटन

सांसद वीरेंद्र सिंह का भाजपा पर तीखा हमला

2027 में सपा सरकार बनाने की तैयारी

विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव का विवादित बयान

गांव-गांव चौपाल और जनसंपर्क पर जोर

चंदौली जिले के सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बहेरी गांव में सोमवार को समाजवादी पार्टी के पिछड़ा प्रकोष्ठ के नए कार्यालय का उद्घाटन समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की भारी मौजूदगी रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता रामजन्म यादव ने की, जबकि पूरे मंच का सफल संचालन वीरेंद्र कुमार बिंद द्वारा किया गया।

सांसद वीरेंद्र सिंह का भाजपा पर तीखा हमला
समारोह के मुख्य अतिथि और सांसद वीरेंद्र सिंह ने केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार पर करारा जुबानी हमला बोला। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि एसआईआर (SIR) एक तरह से कोरोना महामारी जैसी गंभीर समस्या है। इससे निजात पाने के लिए हर हाल में वोट चोरी को रोकना बेहद जरूरी है। सांसद ने आरोप लगाया कि भाजपा चुनावों में वोट चोरी करने के लगातार नए-नए तरीके तलाश रही है।

2027 में अखिलेश यादव को सीएम बनाने की अपील
सांसद ने कार्यकर्ताओं से सजग रहने की अपील करते हुए कहा कि यदि कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर वोट चोरी रोकने में सफल हो जाते हैं, तो भाजपा मतगणना में गड़बड़ी फैलाने की कोशिश करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भाजपा के हर षड्यंत्र को नाकाम करने का आह्वान किया। सांसद ने कहा कि 2027 का आगामी विधानसभा चुनाव समाजवादी पार्टी का है, इसलिए प्रदेश में अखिलेश यादव को पुनः मुख्यमंत्री बनाने के लिए अभी से जनसंपर्क तेज करना होगा।

विधायक प्रभुनारायण सिंह ने कार्यकर्ताओं को किया आगाह
कार्यक्रम में मौजूद सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव ने भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि सपा कार्यकर्ताओं ने पहले भी सैयदराजा के बड़े माफिया को धूल चटाने का काम किया है और अब छोटे माफिया की बारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि आजकल कथा वाचक भी लोगों को भ्रमित कर भाजपा के पक्ष में प्रचार कर रहे हैं और भगवान को अलग-अलग करके जनता के बीच भ्रम फैलाया जा रहा है।

चौराहों के बजाय गांव-गांव पहुंचे कार्यकर्ता: जिलाध्यक्ष
वहीं सपा जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर ने कार्यकर्ताओं से भाजपा की हर चुनौती का डटकर मुकाबला करने का आह्वान किया। उन्होंने दावा किया कि 2027 में प्रदेश के अंदर समाजवादी पार्टी की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को सलाह दी कि वे केवल चौराहों पर बैठकर चौपाल लगाने के बजाय सीधे गांव-गांव और घर-घर जाकर लोगों को भाजपा की कथित नाकामियों से अवगत कराएं।

कार्यक्रम में कई प्रमुख नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान सपा पिछड़ा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र बिंद, प्रदेश सचिव जगमेंद्र यादव, रमेश यादव, नफीस अहमद, केशव राजभर, दयाराम यादव, रामधनी यादव, रामदुलार सिंह, मुनीर अहमद और गुरुप्रकाश सहित दर्जनों स्थानीय नेताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए और 2027 के चुनावों के लिए पूरी ताकत झोंकने का संकल्प लिया।