UP के 26 हजार सरकारी स्कूल बंद होने पर भड़की सपा, अखिलेश के आह्वान पर शिक्षक दिवस के दिन प्रदर्शन..देखें वीडियो
यूपी में 26 हजार स्कूल बंद
शिक्षक दिवस पर अनोखा प्रदर्शन
बंद स्कूल के बाहर शिक्षक सम्मान
सपा सरकार में खुलेंगे सारे स्कूल
तीन सरकारों और एक स्कूल की कहानी
उत्तर प्रदेश में सरकारी स्कूलों को बंद करने और उन्हें दूसरे स्कूलों में मर्ज करने की नीति पर समाजवादी पार्टी ने तीखा विरोध दर्ज कराया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर शिक्षक दिवस के अवसर पर सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बंद पड़े सरकारी स्कूलों के बाहर जाकर अनोखा प्रदर्शन किया। नेताओं ने बंद स्कूलों के बाहर शिक्षकों को बुलाकर उन्हें सम्मानित किया और सरकार की शिक्षा नीति के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की।
26 हजार सरकारी स्कूल बंद होने से गरीब बच्चे बेहाल
समाजवादी शिक्षक सभा के राष्ट्रीय सचिव कुशवाहा ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पूरे उत्तर प्रदेश में लगभग 26,000 सरकारी स्कूलों को बंद कर दिया गया है। इन स्कूलों के बंद होने या दूसरे स्कूलों में मर्ज होने से सबसे ज्यादा नुकसान गरीब बच्चों का हो रहा है। गांवों के गरीब परिवारों के पास इतने संसाधन नहीं हैं कि वे अपने बच्चों को दूर के स्कूलों में भेजने के लिए गाड़ियों का भारी खर्च उठा सकें। इससे गरीब बच्चे शिक्षा से पूरी तरह वंचित हो रहे हैं।
'शिक्षा शेरनी का दूध है, जो पियेगा वो दहाड़ेगा'
सपा नेताओं ने बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर के विचारों को याद करते हुए कहा कि "शिक्षा ही वह चाबी है जिससे समाज का पिछड़ापन दूर हो सकता है और यह ऐसा शेरनी का दूध है, जो पियेगा वही दहाड़ेगा"। उन्होंने कहा कि सपा सरकार के समय गांवों में स्कूल और कॉलेज खोलने का काम किया गया था ताकि हर बच्चे को पढ़ाई मिल सके। लेकिन वर्तमान भाजपा सरकार इन्हें बंद करके गरीबों के बच्चों से शिक्षा का मौलिक अधिकार छीनने का काम कर रही है।
सपा सरकार बनते ही फिर खुलेंगे बंद स्कूल
सपा विधानसभा अध्यक्ष राम जन यादव के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में नेताओं ने बच्चों के साथ मिलकर "सुनो पाठशाला की पुकार, सरकारी शिक्षा को बचाएगी समाजवादी सरकार" लिखे स्लोगन वाले पोस्टर प्रदर्शित किए। नेताओं ने दृढ़ संकल्प लेते हुए कहा कि राज्य में समाजवादी पार्टी की सरकार बनते ही बंद पड़े 26,000 स्कूलों को तुरंत दोबारा चालू कराया जाएगा। इसके साथ ही, जिन क्षेत्रों में जरूरत होगी वहां नए स्कूल भी खोले जाएंगे।
तीन सरकारों और एक स्कूल की अनोखी कहानी
प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने स्कूलों की बदहाली का जिक्र करते हुए एक बड़ा दिलचस्प पहलू सामने रखा। उन्होंने बताया कि बहुजन समाज पार्टी सरकार के समय इस स्कूल की नींव रखी गई और शिलान्यास हुआ था। इसके बाद जब समाजवादी पार्टी के मुलायम सिंह यादव मुख्यमंत्री बने, तो उन्होंने इसका उद्घाटन कर इसे चालू करवाया। लेकिन आज भाजपा की सरकार में इसे बंद कर दिया गया है। तीनों सरकारों का योगदान अलग रहा है..एक ने शिलान्यास किया, दूसरे ने चलाया और तीसरे ने इसे बंद कर दिया।