सपा भाजपा के आगे घुटने टेक देगी, कांग्रेस ही बनाएगी प्रदेश में सरकार : जैनेंद्र पांडेय 
 

कांग्रेस की चल रही पदयात्रा के प्रभारी के रूप में आए उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव जैनेंद्र पांडेय ने चंदौली समाचार से खास बातचीत की उन्होंने कहा कि.......
 

सपा भाजपा के आगे घुटने टेक देगी

कांग्रेस ही बनाएगी प्रदेश में सरकार

जैनेंद्र पांडेय कर रहे है दावा 
 

चंदौली जिले में कांग्रेस की चल रही पदयात्रा के प्रभारी के रूप में आए उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव जैनेंद्र पांडेय ने चंदौली समाचार से खास बातचीत की उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी प्रियंका गांधी के नेतृत्व में किसान, नौजवान और महिलाओं के मुद्दे पर पिछले 3 सालों में जिस तरह से जमीन पर उतर कर संघर्ष किया है, उससे कांग्रेस पार्टी का जनाधार काफी तेजी से बढ़ रहा है और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में गजब का उत्साह दिखाई दे रहा है।

 कांग्रेस की नियामताबाद में चल रही पदयात्रा के दौरान बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस पार्टी ही इकलौती ऐसी पार्टी है, जिसके बूथ कार्यकर्ता से लेकर प्रदेश अध्यक्ष तक भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ संघर्ष करने में आगे रहे हैं और भाजपा के विरोध के कारण जेल तक गए हैं। ऐसा एक बार नहीं बल्कि कई बार हुआ है, जिसका प्रदेश की जनता गवाह है। 

जैनेन्द्र पांडेय ने कहा कि कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने और प्रियंका गांधी के नेतृत्व में किसान आंदोलन, हाथरस कांड, सोनभद्र की घटना और लखीमपुर खीरी कांड के मामले में जिस तरह से अपना दमखम दिखाया है और भारतीय जनता पार्टी को प्रियंका गांधी के आगे घुटने टेकने पड़े हैं, उससे साफ तौर पर लगता है कि कांग्रेस पार्टी ही भारतीय जनता पार्टी का एक नया विकल्प बनने जा रही है। 

जैनेन्द्र पांडेय ने समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव के बारे में टिप्पणी करते हुए कहा कि यह दोनों नेता भारतीय जनता पार्टी के आगे समर्पण कर चुके हैं। आपको याद होगा कि जब अखिलेश यादव को लखीमपुर जाना था तो उन्होंने पुलिस और प्रशासन को सूचना देकर केवल फोटो खिंचवाने के लिए गिरफ्तारी जैसा नाटक किया है। अगर वह उससे अधिक कुछ करते तो भारतीय जनता पार्टी उन्हें जेल में भेज देने का काम करती। सपा के मुखिया जेल जाने के डर से सड़कों पर नहीं उतरते हैं और भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ सीधा आक्रमण करने से डरते हैं। उनका संघर्ष केवल हवा हवाई संघर्ष है।


उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब जान चुकी है कि प्रदेश का विकास कांग्रेस पार्टी के ही हाथ में संभव है। इसलिए प्रियंका गांधी के आवाह्न पर पूरे प्रदेश में पदयात्रा का कार्यक्रम चल रहा है और इससे कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्ताओं को एक बड़ी संजीवनी मिल रही है। 2022 के चुनाव में अबकी बार एक बड़ा फर्क दिखेगा और कांग्रेस उत्तर प्रदेश में एक बड़े जनाधार के साथ वापसी करेगी। यही परिवर्तन आपको चंदौली जिले में भी दिखेगा।