UP Weather News: फिर लौटेगी भीषण गर्मी, मौसम विभाग ने 9 से 11 जून तक जारी किया खतरनाक लू का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में मौसम के उतार-चढ़ाव के बाद अब एक बार फिर तपने वाले दिन लौटने वाले हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों में तापमान 6 डिग्री तक बढ़ सकता है और 9 से 11 जून के बीच भीषण लू चलेगी।
यूपी में फिर लौटेगी भीषण गर्मी
9 से 11 जून तक लू की आशंका
पारा 4 से 6 डिग्री तक बढ़ेगा
झांसी 45.2 डिग्री के साथ सबसे गर्म
आंचलिक मौसम केंद्र ने जारी की चेतावनी
उत्तर प्रदेश में बीते कुछ दिनों से मिल रही मामूली राहत के बाद अब एक बार फिर जनता को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य में मौसमी उतार-चढ़ाव का दौर अब खत्म हो रहा है और भारी तपिश वाले दिन वापस लौट रहे हैं। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ ने अगले पांच दिनों के भीतर पूरे प्रदेश में तापमान में भारी बढ़ोतरी का पूर्वानुमान जारी किया है।
9 से 11 जून तक भीषण लू की बड़ी चेतावनी
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, रविवार से ही पूरे प्रदेश में पारा धीरे-धीरे चढ़ना शुरू हो जाएगा। इसके बाद मंगलवार यानी 9 जून से लेकर 11 जून के दौरान उत्तर प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में भीषण लू (हीटवेव) चलने की पूरी आशंका है। विभाग ने बताया है कि अगले पांच दिनों में राज्य भर का तापमान करीब 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक ऊपर भाग सकता है, जिससे दोपहर में निकलना मुहाल हो जाएगा।
बुंदेलखंड और पूर्वांचल में तीखी धूप का प्रकोप
इससे पहले शनिवार को प्रदेश के बुंदेलखंड और दक्षिणी जिलों में तपिश के साथ-साथ तीखी धूप का भारी प्रकोप देखने को मिला था। हालांकि, पूर्वांचल और तराई के कुछ जिलों में सुबह के वक्त बादलों की आवाजाही रही और तेज हवाएं भी चलीं, जिससे उमस महसूस की गई। लेकिन अब मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में यह राहत पूरी तरह गायब हो जाएगी और मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा।
झांसी रहा सबसे गर्म, वाराणसी में भी पारा हाई
अगर पिछले आंकड़ों पर नजर डालें, तो शनिवार को झांसी 45.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ उत्तर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा सर्वाधिक तापमान वाले जिलों में झांसी के बाद बांदा में 42.2 डिग्री सेल्सियस, उरई में 41.4 डिग्री सेल्सियस, फतेहपुर में 41.4 डिग्री सेल्सियस और वाराणसी में 41.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था।
लखनऊ के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अब आने वाले दिनों में पश्चिमी और उत्तरी हवाओं के असर के कारण वातावरण में नमी की कमी आएगी। धूप सीधे धरती पर पड़ने से मैदानी इलाकों में हीटवेव के हालात बेहद गंभीर हो जाएंगे। प्रशासन ने भी लोगों को दोपहर के समय सीधे धूप के संपर्क में आने से बचने और भरपूर पानी पीने की सलाह दी है।