Weather Update : कर लीजिए अपनी-अपनी तैयारी, कल से 3 दिनों तक मौसम में तेज बदलाव के आसार

आने वाले अगले दो दिनों में उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मौसम सामान्य रहने के बाद अब एक बार फिर से मौसम में बदलाव की संभावना दिखाई दे रही है।
 

 मौसम विभाग का दावा, हल्की या मध्यम बारिश होने की संभावना

अधिकतम तापमान और न्यूनतम तापमान में गिरावट

 27 फरवरी से लेकर 1 मार्च तक के लिए जानकारी

आने वाले अगले दो दिनों में उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मौसम सामान्य रहने के बाद अब एक बार फिर से मौसम में बदलाव की संभावना दिखाई दे रही है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 27 फरवरी से लेकर 1 मार्च को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हल्की या मध्यम बारिश होने की संभावना है। ऐसा पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दिखायी दे रहा है। देश के उत्तरी हिस्सों में गरज के साथ आंधी-तूफान और बहुत भारी वर्षा या बर्फबारी होने के संभावना जतायी जा रही है।  

आपको बता दें कि मंगलवार को ज्यादातर जिलों में अधिकतम तापमान और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। कई जिलों में मौसम साफ बना रहा, लेकिन बुधवार को इसी तरह का मौसम रहने का अनुमान जताया जा रहा है।  इसके बाद मौसम में बदलाव की संभावना है।

 मौसम विभाग से मिली जानकारी में दावा किया जा रहा है कि मंगलवार से सुबह शाम हल्की ठंडक दिख रही है। इसके साथ-साथ दिन में गर्मी का एहसास होने लगा है। लखनऊ और उसके आसपास के इलाकों में बुधवार को आसमान साफ दिखाई दे रहा है। अधिकतम तापमान भी अब धीरे-धीरे बढ़ने लगा है, लेकिन अब 27 28 फरवरी के अलावा एक मार्च को मौसम में बदलाव की संभावना है।

 मौसम विभाग का दावा है कि 28 फरवरी और 1 मार्च को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गरज व चमक के साथ हल्की और मध्यम बारिश होने के आसार हैं। इससे तापमान में गिरावट आ सकती है और ठंडक भी बढ़ सकती है। प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में कोहरा छाए रहने की संभावना जताई जा रही है।

 आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार अगले तीन दिनों में उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मौसम में बदलाव की संभावना है।  इसलिए लोगों को पहले से ही एहतियात बरतने की सलाह दी जा रही है।