विश्व आदिवासी दिवस पर सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल का भाजपा और राष्ट्रपति पर हमला
चंदौली में आदिवासी अधिकारों को लेकर गरजे श्यामलाल पाल
2027 चुनाव का बिगुल भी फूंकने की कोशिश
आदिवासी अधिकारों की मांग को लेकर सबको ललकारा
चंदौली जिले में विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित एक निजी लॉन में समाजवादी पार्टी द्वारा विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जिला मुख्यालय पर आदिवासी समाज और सपा कार्यकर्ताओं द्वारा निकाले गए जुलूस से हुई, जिसके माध्यम से आदिवासी अधिकारों की मांग और 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए समर्थन जुटाने का संदेश दिया गया।
मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने मंच से केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार लोकतंत्र और संविधान की हत्या कर रही है। उनके मुताबिक, आदिवासी समाज को अब तक जंगल, जमीन और अन्य मूलभूत अधिकारों से वंचित रखा गया है, साथ ही लगातार उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है।
श्यामलाल पाल ने देश की प्रथम आदिवासी महिला राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कार्यकाल पर भी सवाल उठाते हुए कहा, “भले ही वे सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन हैं, लेकिन अपने समाज के हित के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए हैं। ऐसे पद पर बैठने का कोई अर्थ नहीं, यदि वह अपने लोगों के लिए कुछ न कर सके।”
प्रदेश अध्यक्ष ने उत्तर प्रदेश में हाल ही में विधानसभा सत्र को 24 घंटे चलाने के प्रस्ताव पर भी विरोध जताया। उन्होंने कहा कि सरकार सदन को दिन में न चलाकर, रात में जनता के सोने के बाद लोकतंत्र पर डाका डालने का प्रयास कर रही है। यदि सरकार के भीतर लोकतांत्रिक संवेदनाएं होतीं, तो वह दिन में सदन का संचालन करती।
वोटर आईडी और चुनावी धांधली के मुद्दे पर भी उन्होंने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि 2027 के चुनाव में सपा कार्यकर्ता बूथ पर फर्जी वोट नहीं पड़ने देंगे, चाहे इसमें प्रशासनिक अधिकारी या बूथ कर्मी ही क्यों न शामिल हों। “हमारे कार्यकर्ता अपने वोट के बल से भाजपा को परास्त करेंगे,” उन्होंने जोर देकर कहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता आदिवासी समाज के नेता और सपा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष ब्यास जी गौड़ ने की। इस अवसर पर रॉबर्ट्सगंज के सांसद छोटेलाल खरवार, सपा के पूर्व सांसद रामकिसुन यादव, सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू, चकिया की पूर्व विधायक पूनम सोनकर और सपा जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व समर्थक मौजूद रहे।