रमरजाय चट्टी पर सूदखोरी के विवाद में ताबड़तोड़ फायरिंग: लाठी-डंडे चलने से मची भगदड़, भीड़ ने आरोपियों को दबोचा
रमरजाय चट्टी पर हवाई फायरिंग
ब्याज के पैसे पर विवाद
असलहे की मुठिया से वार
सीओ ने शुरू की जांच
चंदौली जिले के धानापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली रमरजाय चट्टी पर रविवार की शाम को उस समय हड़कंप मच गया, जब सरेबाजार दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते गाली-गलौज का यह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों तरफ से लाठी-डंडे निकल आए। इस खूनी संघर्ष के बीच ही एक पक्ष के व्यक्ति ने जेब से असलहा निकालकर हवाई फायरिंग कर दी।
बाजार के बीचों-बीच अचानक गोली चलने की आवाज से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। गनीमत यह रही कि इस फायरिंग में गोली किसी राहगीर या विपक्षी को नहीं लगी, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
ब्याज के पैसे के लेनदेन को लेकर भिड़े अखिलेश और कलाधर सिंह
स्थानीय दुकानदारों और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह पूरा विवाद डबरिया गांव के रहने वाले अखिलेश सिंह उर्फ लाखन सिंह और धीना थाना क्षेत्र के महुरा गांव के निवासी कलाधर सिंह उर्फ लालबहादुर सिंह के बीच हुआ था। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच काफी समय से ब्याज पर पैसों का लेनदेन चल रहा था।
चंदौली जिले की रमरजाय चट्टी पर हवाई फायरिंग
— Chandauli Samachar (@chandaulinews) July 6, 2026
ब्याज के पैसे पर विवाद, असलहे की मुठिया से वार
सीओ सकलडीहा ने शुरू की जांच@Uppolice @chandaulipolice @IgRangeVaranasi @dhanapurcdi pic.twitter.com/a6H6BVtkky
इसी पैसे के हिसाब-किताब को लेकर रविवार शाम को रमरजाय चट्टी पर दोनों आमने-सामने आ गए। पहले तो तीखी कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही मिनटों में बात मारपीट और फिर जानलेवा हमले तक पहुंच गई। गोली चलने के बाद वहां मौजूद साहसी भीड़ ने हिम्मत दिखाई और भागने का प्रयास कर रहे दोनों पक्षों के लोगों को मौके पर ही दबोच लिया और तुरंत धानापुर पुलिस के हवाले कर दिया।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई असलहे से मारपीट
सरेआम बाजार में गोलीबारी और मारपीट की सूचना मिलते ही सकलडीहा के क्षेत्राधिकारी (CO) कृष्ण मुरारी शर्मा भारी पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की तफ्तीश में जुट गए। पुलिस ने जब घटनास्थल के बगल में लगी एक दुकान का सीसीटीवी फुटेज खंगाला, तो उसमें एक व्यक्ति दूसरे पक्ष के शख्स पर असलहे (पिस्तौल) की मुठिया से ताबड़तोड़ वार करते हुए साफ दिखाई दे रहा है।
Video - https://www.facebook.com/share/r/1CdqZHTFVQ/
सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि रमरजाय चट्टी के पास पैसे के विवाद में दो लोगों के बीच हिंसक मारपीट हुई थी, जिसमें एक व्यक्ति द्वारा हवाई फायरिंग की गई है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सभी सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। इस वक्त दोनों पक्षों के आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने पर गहन पूछताछ की जा रही है। इस मारपीट में कलाधर सिंह उर्फ लालबहादुर सिंह को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल भेजकर उनका मेडिकल कराया जा रहा है।