मुख्य वन संरक्षक ने पौधरोपण और वन्यजीव विहार का किया निरीक्षण
लतीफशाह नर्सरी में पौधों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा
400 हेक्टेयर क्षेत्र में कराए गए पौधरोपण का निरीक्षण
स्थानीय समुदाय की भागीदारी से वन संरक्षण पर जोर
चंदौली जिले के चकिया में प्रधान मुख्य वन संरक्षक (पीसीसीएफ) सुनील चौधरी ने गुरुवार को चकिया क्षेत्र का दौरा कर लतीफशाह नर्सरी और चंद्रप्रभा वन्यजीव विहार में कराए गए पौधरोपण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने नर्सरी और प्लांटेशन की स्थिति की समीक्षा करते हुए वनों एवं वन्यजीवों के संरक्षण पर जोर दिया।
सुबह लतीफशाह स्थित नर्सरी पहुंचकर मुख्य वन संरक्षक ने वहां लगाए गए पौधों की देखरेख, सिंचाई व्यवस्था और पौधों के विकास की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों से बातचीत कर नर्सरी के रखरखाव और रोपित पौधों की सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि पौधरोपण केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि इसे सतत निगरानी के साथ जीवित रखने का प्रयास जरूरी है।
इसके बाद सुनील चौधरी चंद्रप्रभा वन्यजीव विहार पहुंचे, जहां उन्होंने लगभग 400 हेक्टेयर क्षेत्र में किए गए पौधरोपण का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पौधों की सुरक्षा और उनकी निगरानी के लिए स्थानीय समुदाय की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। साथ ही वन्यजीवों के संरक्षण के लिए आवश्यक कदम उठाने पर भी बल दिया।
निरीक्षण के उपरांत उन्होंने राजदरी और देवदरी पर्यटक स्थलों का भी दौरा किया। यहां उन्होंने पर्यटकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का आकलन किया और उन्हें और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने डीएफओ बी. शिव शंकर को पर्यटक स्थलों के विकास हेतु विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा।
इस मौके पर वाराणसी चीफ रवि सिंह, चंद्रप्रभा रेंजर अखिलेश दुबे, अश्वनी चौबे, अमित श्रीवास्तव, संजय श्रीवास्तव, राम नारायण, राम प्रकाश मौर्य, छविनाथ तिवारी, आनंद दुबे, सुरेंद्र राव और रिशु चौबे सहित वन विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*






