विधायक सुशील सिंह का दौरा, दर्शना सिंह की समीक्षा भी ठीक नहीं करा सका धान खरीद केन्द्र की खामी, धरने पर बैठे भाजपा नेता
![](https://chandaulisamachar.com/static/c1e/client/88752/uploaded/f7a7b20f1d1f7e117997020705565708.jpeg)
क्रय केंद्र पर 5 किलोग्राम की कटौती का विरोध
धरने पर बैठे भाजपा नेता और किसान
केन्द्रों पर व्यवस्था के दावे टांय-टांय फिस्स
अफसर दे रहे हवा-हवाई आंकड़े
चंदौली जिले के धान क्रय केन्द्रों के प्रभारी भाजपा विधायक व भाजपा सांसद के निर्देशों को ठेंगे पर रखते हैं, तभी तो बार-बार कहे जाने के बाद भी किसानों से अधिक दलालों व बिचौलियों पर कृपा बरसा रहे हैं और किसानों को परेशान कर रहे हैं तभी तो भाजपा नेता को भी धरना देना पड़ रहा है।
![](https://chandaulisamachar.com/static/c1e/static/themes/1/88752/3552/images/Hariom---CPS.jpeg)
सैयदराजा विधानसभा के बरहनी ब्लॉक चिरईगांव में मार्केटिंग के क्रय केंद्र पर पांच किलोग्राम फसल कटौती और किसानों से सुतली मांगे जाने से नाराज भाजपा कार्यकतां शनिवार को सैयदराजा और बरहनी मंडल के अध्यक्ष के नेतृत्व में धरना पर बैठ गए। हास्यास्पद स्थिति तब पैदा हो गई जब भाजपा के कुछ वरिष्ठ कार्यकर्ता भी गांव के कुछ किसानों के साथ क्रय केंद्र प्रभारी के समर्थन में धरने पर बैठ गए।
बताया जा रहा है कि चिरईगांव में प्राथमिक विद्यालय के पास मार्केटिंग विभाग का क्रय केंद्र संचालित किया जा रहा है। जिसके लिए चार कांटा आवंटित किया गया है। भाजपा नेताओं का कहना है कि केंद्र खुलने के समय से ही केवल दो कांटों से ही तौल की जा रही थी। धरना पर बैठने पर तीसरे कांटा से भी तौल शुरू कराया गया। उनका आरोप था कि केंद्र पर किसानों से पांच किलो ग्राम फसल कटौती के साथ ही सुतली की भी मांग की जा रही है। मजबूरी में किसान सुतली देने और कटौती कराने को विवश हैं।
वही भाजपा सैयदराजा मंडल के अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह और बरहनी मंडल के अध्यक्ष संतोष बिंद का कहना था कि दुर्भाग्य की बात है कि अपने सरकार में भी कार्यकर्ता धरना देने को बाध्य हैं।
मजे की बात है कि कुछ दिन पहले विधायक सुशील सिंह ने दौरा करके केन्द्रों की खामियों को दूर करने का फरमान सुनाया था और शनिवार को ही किसानों की समस्या व धान खरीद में गड़बड़ी को लेकर भाजपा की राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह जिलाधिकारी कार्यालय में समीक्षा कर रही थीं तो उसके कुछ घंटे पहले भाजपा नेताओं के साथ ऐसा हो रहा था।
इस दौरान गौरव सिंह विक्की, विपिन सिंह, दया सिंह, दिव्य प्रकाश नागवंशी, विपिन सिंह, अरुण मौर्य, आलोक सिंह, शशांक पांडेय, अजय वर्मा, दिग्विजय पांडेय तो दूसरी ओर किसान सुमंत सिंह, मृत्युंजय नागवंशी, संत विलास सिंह, हरवंश यादव, रामसेवक सिंह, सुधीर सिंह आदि उपस्थित रहे।
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*