मुगलसराय में भली-चंगी सड़क तोड़कर ठेकेदारों की भरी जा रही है जेब, बाबा विश्वनाथ के दर्शनार्थी और कांवड़यात्री हो रहे चोटिल
मुगलसराय की जनता हो रही है परेशान
अधिवक्ता ने उठाई सिक्स लेन व फ्लाईओवर निर्माण की मांग
लगाया सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप
चंदौली जिले के मुगलसराय नगर में पहले से बनी फोर लेन सड़क को अनावश्यक रूप से तोड़कर उसी स्थान पर पुनः फोर लेन सड़क बनाए जाने को लेकर वरिष्ठ अधिवक्ता संतोष कुमार पाठक ने प्रशासन पर भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि यह कार्य जनता के पैसों की बर्बादी है और इससे नागरिकों को कोई वास्तविक लाभ नहीं हो रहा।
शिवभक्तों को हो रही परेशानी
पाठक ने बताया कि रविवार की रातों में बड़ी संख्या में बाबा विश्वनाथ के दर्शनार्थी और कांवड़यात्री मुगलसराय होकर पैदल वाराणसी की ओर इसी सड़क से जाते हैं। टूटी हुई सड़क के कारण श्रद्धालु रास्ते में गिरकर चोटिल हो रहे हैं, जिससे उनकी यात्रा बाधित हो रही है। यह स्थिति प्रशासन की लापरवाही और बिना योजना के सड़क निर्माण की देन है।

फ्लाईओवर के बाद ही बने सड़क
पाठक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांग की कि जब इस फोर लेन सड़क को भविष्य में फ्लाईओवर निर्माण के दौरान फिर से तोड़ना ही है, तो फिलहाल इसका निर्माण कार्य तत्काल रोका जाए। पहले फ्लाईओवर बनाया जाए और उसके बाद ही नगर की सड़क को नया रूप दिया जाए।
स्थानीय लोगों का समर्थन
इस मौके पर उनके साथ अजय यादव गोलू, उमेंद्र सिंह चंदेल, अभिषेक मिश्रा सहित अन्य स्थानीय लोग भी उपस्थित थे, जिन्होंने इस मांग का समर्थन किया और जनहित में शीघ्र समाधान की अपेक्षा जताई।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*






